मुंबई/शौर्यपथ/
शिवसेना पदाधिकारी और शिरडी ट्रस्ट के सदस्य राहुल कनाल के यहां आयकर विभाग की ओर से छापेमारी की जा रही है. राहुल कनाल आदित्य ठाकरे के करीबी माने जाते हैं. आज शाम संजय राउत की प्रेस कांफ्रेंस होनी है और उससे पहले यह छापेमारी की जा रही है. आयकर छापों को लेकर आदित्य ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र पर इस तरह के हमले पहले भी हुए हैं और अब भी हो रहे हैं. इस तरीके से पहले भी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग हुआ है, बंगाल में हुआ, आंध्र प्रदेश में हुआ और अब महाराष्ट्र में चुनाव होने हैं तो यहां भी हो रहा है. यह केंद्रीय एजेंसियां एक तरह से भाजपा की ही प्रचार की मशीनरी हो गई हैं, लेकिन हम झुकेंगे नहीं, महाराष्ट्र झुकेगा नहीं.
पिछले महीने की आयकर विभाग ने कर चोरी के आरोप में मुंबई में शिवसेना के पार्षद यशवंत जाधव के परिसरों पर छापेमारी की थी. जाधव की पत्नी यामिनी जाधव भायखला सीट से पार्टी की विधायक हैं. जाधव उस समिति के प्रमुख हैं, जो ग्रेटर मुंबई नगर निगम के खर्च के एक बड़े हिस्से का लेखा-जोखा रखती है.
शिवसेना और राकांपा ने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र सरकार को अस्थिर करने के लिए उनके नेताओं को केन्द्रीय एजेंसियों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है. केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया था.