
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
फर्जी विक्रेता, एडिटेड आधार कार्ड और कूटरचित हस्ताक्षरों से रजिस्ट्री कराने का आरोप; एक ही पहचानकर्ता धर्मेन्द्र मेश्राम की भूमिका भी जांच के घेरे में
दुर्ग । दुर्ग-राजनांदगांव बाईपास मार्ग पर आरोग्यम हॉस्पिटल के सामने स्थित करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन की रजिस्ट्रियों में कथित फर्जीवाड़े का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। इस प्रकरण में अब तीसरी जमीन की रजिस्ट्री को लेकर धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल की शिकायत सामने आई है। आरोप है कि वास्तविक विक्रेताओं की जगह फर्जी व्यक्तियों को खड़ा कर, एडिट किए गए आधार कार्ड और कथित फर्जी हस्ताक्षरों के सहारे जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। ताजा शिकायत में मालवीय नगर, दीपक नगर निवासी प्रविन्दर चाने, उनकी पत्नी नम्रता कौर चाने तथा कथित षड्यंत्र में शामिल रूआबांधा निवासी धर्मेन्द्र मेश्राम के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक दुर्ग से शिकायत की गई है। एसपी के निर्देश पर मोहन नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खसरा 290/33 की रजिस्ट्री पर गंभीर सवाल
शिकायत के अनुसार राजस्व निरीक्षक मंडल सिकोला, तहसील एवं जिला दुर्ग के अंतर्गत प.ह.नं. 17/8 स्थित खसरा नंबर 290/33, रकबा 0.1780 हेक्टेयर भूमि के संबंध में पंजीकृत विक्रय पत्र का निष्पादन 28 फरवरी 2023 को कराया गया तथा 2 मार्च 2023 को इसकी रजिस्ट्री नम्रता कौर चाने पति प्रविन्दर चाने के नाम पर कराई गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में वास्तविक विक्रय राशि के लेन-देन के बिना मूल्यवान दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए फर्जी विक्रेता प्रस्तुत किया गया और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन अपने नाम दर्ज कराई गई।
विक्रेता के हस्ताक्षर और आधार कार्ड की प्रामाणिकता पर सवाल
शिकायत में विक्रेता के रूप में सुरेन्द्र सिंह आत्मज सरदार सिंह, निवासी गोलमुरी, जमशेदपुर (झारखंड), पिन कोड 831003 का नाम दर्ज होने का उल्लेख है। आरोप है कि विक्रय पत्र पर सुरेन्द्र सिंह के वास्तविक हस्ताक्षर नहीं हैं और दस्तावेज में मौजूद हस्ताक्षर कूटरचित हैं। बिक्रीपत्र के साथ संलग्न आधार कार्ड क्रमांक 7143 3263 5301 की प्रामाणिकता पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार आधार कार्ड पर लगी तस्वीर वास्तविक सुरेन्द्र सिंह की नहीं है तथा कार्ड को एडिट करके तैयार किया गया है। आरोप यह भी है कि वास्तविक विक्रेता के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत किया गया, जिसकी पहचान और गवाही धर्मेन्द्र मेश्राम द्वारा दी गई।
तीन खसरों की करीब डेढ़ एकड़ जमीन, कीमत करोड़ों में
इस मामले का दायरा केवल खसरा नंबर 290/33 तक सीमित नहीं बताया जा रहा है। शिकायत में आरोग्यम हॉस्पिटल के सामने स्थित खसरा नंबर 290/34, 290/36 और 290/33 की जमीनों की रजिस्ट्रियों को भी संदेह के घेरे में रखा गया है। इन तीनों खसरों का कुल रकबा लगभग डेढ़ एकड़ बताया गया है, जिसकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये में आंकी जा रही है। आरोप है कि तीनों जमीनों की रजिस्ट्री फरवरी-मार्च 2023 के दौरान वास्तविक विक्रय राशि के लेन-देन के बिना तथा कथित फर्जी विक्रेताओं और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे कराई गई।
एक ही पहचानकर्ता की भूमिका जांच का अहम बिंदु
इस पूरे प्रकरण में सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि शिकायत के अनुसार तीनों जमीनों की रजिस्ट्रियों में धर्मेन्द्र मेश्राम एकमात्र पहचानकर्ता के रूप में शामिल रहा और गवाह के रूप में भी उसका नाम दर्ज है। ऐसे में पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना आवश्यक है कि कथित फर्जी विक्रेता कौन थे, उन्हें रजिस्ट्री कार्यालय तक कौन लेकर आया, पहचान के लिए प्रस्तुत दस्तावेज किसने तैयार किए और इस पूरी प्रक्रिया में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि तीनों जमीनों के विक्रय दस्तावेजों में 33-33 लाख रुपये की राशि दर्शाई गई है। ऐसे में संबंधित बैंक खातों, भुगतान के माध्यमों और वास्तविक वित्तीय लेन-देन की जांच भी महत्वपूर्ण हो जाती है। यदि विक्रय राशि का भुगतान नहीं हुआ है तो रजिस्ट्री में दर्शाई गई रकम का वास्तविक आधार क्या था, यह भी जांच का विषय है।
बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज करने की मांग
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 335, 337 एवं 340 के तहत संबंधित लोगों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। एसपी के निर्देश पर मोहन नगर थाना पुलिस जांच कर रही है। इस मामले में प्रविन्दर चाने से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी।
जमीन खरीदने वालों के लिए भी चेतावनी
आरोग्यम हॉस्पिटल के सामने स्थित तीनों खसरों की जमीनों से जुड़ा यह मामला अब केवल एक रजिस्ट्री विवाद नहीं रह गया है, बल्कि जमीन के स्वामित्व, विक्रय दस्तावेजों की प्रमाणिकता और पंजीयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता से जुड़े गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। ऐसे में इन खसरों की जमीन खरीदने या किसी प्रकार का सौदा करने से पहले आम नागरिकों को राजस्व अभिलेख, मूल स्वामित्व दस्तावेज, विक्रय पत्र, पहचान संबंधी दस्तावेज और रजिस्ट्री की वैधता की स्वतंत्र रूप से जांच करानी चाहिए। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्य ही इस पूरे कथित फर्जीवाड़े की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट कर सकेंगे।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
