पीएम मोदी ने कहा कि आज जब-जब माफिया पर बुल्डोजर चलता है, तो दर्द उसे पालने-पोसने वाले को होता है.
शाहजहांपुर /शौर्यपथ/
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में करीब 600 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखी. इस दौरान उन्होंने जोर देकर कहा कि यूपी के विकास के लिए योगी सरकार की जरूरत है. उन्होंने कहा कि आज पूरी जनता कह रही है, यूपी प्लस योगी, बहुत है उपयोगी. उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के विकास को गति देगा. इससे एयरपोर्ट, मेट्रो, वाटरवेज, डिफेंस कॉरिडोर भी जोड़ा जाएगा. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने पहले के मुकाबले ज्यादा बिजली दी है.
उन्होंने कहा कि योगी जी के नेतृत्व में यहां सरकार बनने से पहले पश्चिम यूपी में कानून-व्यवस्था की क्या स्थिति थी, इससे जनता भलीभांति परिचित है. पहले यहां क्या कहते थे? दिया बरे तो घर लौट आओ! क्योंकि सूरज डूबता था, तो कट्टा लहराने वाले सड़कों पर आ धमकते थे. आज जब जब माफिया पर बुल्डोजर चलता है, तो दर्द उसे पालने-पोसने वाले को होता है. इसीलिए यूपी की जनता योगी सरकार को ही चाहती है.
बेटियों की सुरक्षा पर आए दिन सवाल उठते रहते थे, उनका स्कूल कॉलेज जाना तक मुश्किल कर दिया था. व्यापारी घर से सुबह निकलता था परिवार को चिंता होती थी. कब कहां दंगा और आगजनी हो जाये कोई नहीं कह सकता था. इसी स्थिति के चलते कईं गांवों से पलायन की खबरें आती रहती थीं. लेकिन बीते 4 साढ़े 4 साल में योगी जी की सरकार ने स्थिति को सुधारने के लिए बहुत परिश्रम किया है.