Print this page

प्रधानमंत्री ने शुरू की 41 हजार करोड़ की दो नई कृषि योजनाएं , छत्तीसगढ़ के जशपुर, कोरबा और दंतेवाड़ा शामिल; मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार Featured

  • Ad Content 1

पीएम धन-धान्य कृषि योजना और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन से विकसित भारत का सपना होगा साकार
मिशन के तहत छत्तीसगढ़ के जशपुर, कोरबा और दंतेवाड़ा जिला के चयन पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का माना आभार
मुख्यमंत्री ने किसानों को नई योजनाओं के लिए दी बधाई और शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा : प्रदेश में खेती-किसानी की तस्वीर बदलेगी और आर्थिक सम्पन्नता आएगी

रायपुर / शौर्यपथ /

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में देश के किसानों के लिए 41 हजार करोड़ रुपए से अधिक की कृषि परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने दो नई योजनाएं—प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (30 हजार करोड़) और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन (11 हजार करोड़) की शुरुआत की। इसके साथ ही कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी 1100 से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी किया गया।
  
रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हजारों किसानों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा इस कार्यक्रम से जुड़े। इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पशुपालन मंत्री राजीव रंजन सिंह, कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधि भी वर्चुअली उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत रत्न जयप्रकाश नारायण और नानाजी देशमुख की जयंती के दिन देश कृषि आत्मनिर्भरता का नया इतिहास रच रहा है। ये दोनों योजनाएं अन्नदाताओं को सशक्त बनाएंगी और आधुनिक खेती के नए युग की शुरुआत करेंगी। उन्होंने बताया कि दलहन आत्मनिर्भरता मिशन से दो करोड़ दाल उत्पादक किसानों को सीधा लाभ होगा और देश में पोषण सुरक्षा सुनिश्चित होगी। मोदी ने कहा कि अब खेती को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए 36 नई योजनाओं पर कार्य होगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत खेती-किसानी में पिछड़े 100 जिलों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। युवाओं की भागीदारी से खेती की तस्वीर बदलेगी और किसानों की आय बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसान हित की इन दोनों योजनाओं में छत्तीसगढ़ के जशपुर, कोरबा और दंतेवाड़ा जिलों का चयन गर्व की बात है। उन्होंने प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। साय ने कहा कि इन योजनाओं से खेती-किसानी की तस्वीर बदलेगी और आर्थिक सम्पन्नता आएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान का बोलबाला है। जीएसटी सुधारों से किसानों को ट्रैक्टर व उपकरणों पर 40 से 60 हजार रुपए तक की बचत हो रही है। एक किसान भाई को हार्वेस्टर पर एक लाख रुपए से अधिक की बचत मिली—यह किसानों के लिए बड़ा लाभ है।”

साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से किए वादों को पूरा कर रही है। धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल पर की जा रही है और दो साल का बोनस भुगतान भी किया गया है। उन्होंने बताया कि 1500 से अधिक सिंचाई योजनाओं के पुनरोद्धार हेतु 2800 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। साय ने कहा, “छत्तीसगढ़ में ज्यादातर सीमांत किसान हैं। उन्हें सरकार की कृषि हितैषी योजनाओं का बड़ा लाभ मिल रहा है। यह पहल किसानों की समृद्धि की दिशा में ठोस कदम है।”

कार्यक्रम में राज्य बीज निगम अध्यक्ष चन्द्रहास चंद्राकर, मछुआ बोर्ड अध्यक्ष भरत मटियारा, गौ-सेवा आयोग अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल, जिला पंचायत रायपुर अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, कृषि उत्पादन आयुक्त शाहला निगार, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, कृषि संचालक राहुल देव सहित अनेक जनप्रतिनिधि व किसान उपस्थित थे।

 

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ