Print this page

पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय परचम, पांच पुरस्कारों से नवाजा गया प्रदेश Featured

  • doing of business

फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में पहला स्थान, इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज में दूसरा स्थान; बड़े बचेली प्रथम, दंतेवाड़ा और बिलासपुर को भी राष्ट्रीय सम्मान

रायपुर / शौर्यपथ । प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। इनमें फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में छत्तीसगढ़ ने देश में प्रथम तथा इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान हासिल किया है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों पुरस्कार ग्रहण किए।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में एक लाख से कम आबादी वाले निकायों में बड़े बचेली ने देश में पहला और दंतेवाड़ा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, एक लाख से दस लाख की आबादी वाले निकायों में बिलासपुर नगर निगम को दूसरा स्थान मिला।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना सुशासन, बेहतर क्रियान्वयन और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य और नगरीय निकायों को मिले ये सम्मान पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय पहचान हैं। इस उपलब्धि से नगरीय निकायों को शहरी आजीविका मजबूत करने की दिशा में और बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलेगी।

समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित विभागीय अधिकारी एवं संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी, दंतेवाड़ा की अध्यक्ष पायल गुप्ता तथा बड़े बचेली के अध्यक्ष राजू जायसवाल भी समारोह में शामिल हुए।

पीएम स्वनिधि योजना के तहत पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण और डिजिटल लेनदेन से जोड़ने के प्रयासों में छत्तीसगढ़ की यह उपलब्धि शहरी आजीविका संवर्धन और छोटे कारोबारियों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में प्रदेश की बढ़ती पहचान को रेखांकित करती है।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ