'टीका तुंहर दुआरी' के पहले चरण में आज जिले के शहरी क्षेत्रों में लगा टीका
कवर्धा। शौर्यपथ । जिले में कोविड टीकाकरण के लिए सभी वर्ग से हर सम्भव प्रयास किया जा रहा है। बावजूद इसके अब भी बहुत से ऐसे लोग भी हैं, जो कोविड टीका ना लगवाने की जिद पर अड़े हुए हैं। जिले में ऐसे छूटे हुए हितग्राहियों को समझाने के लिए आज नगर पालिका कवर्धा के अध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा व जिला कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ शहर के अनेक वार्डों में डोर टू डोर जाकर लोगों को कोविड टीका के लिए प्रेरित किये। जिले में कुछ परिवार ऐसे भी हैं जो आज भी अपनी मान्यताओं, भ्रम व तर्क से बाहर नही निकल पाए हैं। ऐसे लोगों को टीकाकृत करना अब स्वास्थ्य दल के लिए एक बड़ा चैलेंज बन गया है। ऐसे लोगों को उच्च अधिकारियों समेत जनप्रतिनिधियों , सामाजिक-धार्मिक संगठनों, मीडिया के पत्रकारों व प्रबुध्दजनो द्वारा समझाकर कोविड टीका लगवाया जा रहा है।
नपा अध्यक्ष ऋषि शर्मा ने कहा कि हम अपील करके, व्यक्तिगत भेंट करके, बैठकों के माध्यम से व सोशल मीडिया का उपयोग करके लगातार लोगों को कोविड टीकाकरण के लिए जागरूक कर रहे हैं, लेकिन चिंताजनक विषय है कि कुछ लोग आज भी टीकाकरण से भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को समझाकर टीकाकृत कराने का प्रयास करने के लिए आज जिलाधीश महोदय के साथ अनेक वार्डों में डोर टू डोर विजिट्स किये हैं।
जिला कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने इस विषय पर कहा कि लोगों को कोविड व उसके नए वेरिएंट के खतरों से आगाह किया जा रहा है। इसके लिए हर स्तर पर लगातार जन जागरूकता जारी है। उम्मीद है जिलेवासी इस महामारी की संवेदनशीलता को समझेंगे और अपने व अपनों की सुरक्षा की खातिर कोविड टीका का दोनों डोज जरूर लगवाएंगे।
आज के दौरा कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शैलेन्द्र कुमार मंडल, कवर्धा मुख्य नगर पालिका अधिकारी नरेश कुमार वर्मा, डीपीएम सृष्टि मिश्रा, आर एम ए शिव गोपाल परिहार समेत नपा व स्वास्थ्य के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।