दंतेवाड़ा/ शौर्यपथ /
जिला दंतेवाड़ा में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के दिशा निर्देशन में यातायात पुलिस दंतेवाड़ा द्वारा यातायात नियमों के पालन हेतु जन जागरूकता के साथ ही प्रचार -प्रसार व समझाईश कार्यक्रम चला रही है। आज दिनांक 10.05.2022 क़ो यातायात प्रभारी दंतेवाड़ा निरीक्षक सलीम खाखा के नेतृत्व में यातायात पुलिस बल द्वारा बचेली रोड में ब्लैक फि़ल्म लगे चार पहिया वाहनों की चेकिंग करते हुए 08 गाडिय़ों के काले शीशे को मौके पर ही निकलवाया गया। ज्ञात हो की माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा ब्लैक फि़ल्म को अवैधानिक घोषित किया गया है किन्तु नक्सल प्रभावित क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए शासन से विभिन्न श्रेणीयों के सुरक्षा प्रदत्त प्रॉटेक्टियों को सुरक्षागत कारणों से छूट दी गई है किन्तु क्षेत्र की संवेदनशीलता का फायदा उठाकर कई व्यक्ति जिन्हें किसी प्रकार का सुरक्षा श्रेणी में नहीं रखा गया है वे भी काले शीशे लगवाकर धड़ल्ले से घूम रहे हैं. कई बार असामाजिक तत्व भी काले शीशे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देकर भागने में सफल हो जाते हैं. आगामी दिनों माननीय मुख्यमंत्री महोदय का जिला दंतेवाड़ा प्रवास प्रस्तावित है,
इस दृश्टिकोण से भी पुलिस सतर्क हो गई है। अब दंतेवाड़ा यातायात पुलिस द्वारा शासन से बगैर सुरक्षा प्रदत्त व्यक्तियों द्वारा अपने निजी वाहनों में काले शीशे लगाकर घूमने वालों पर कार्रवाही शुरू कर दी है. यातायात प्रभारी सलीम खाखा द्वारा जानकारी दी गई कि सामान्यत: चार पहिया वाहनों में 30 से 40 प्रतिशत रंगीन काले शीशे /ब्लैक फि़ल्म मान्य है। वाहन के डोर ग्लास और रियर ग्लास में 60 से 70 प्रतिशत विजिबिलिटी होनी ही चाहिए अर्थात चार पहिया वाहन के अंदर बैठे व्यक्तियों कि संख्या व उनकी हरकत स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए।
यातायात प्रभारी द्वारा आमजनों से अपील किया गया कि जिन्हें शासन की ओर से किसी भी प्रकार की सुरक्षा श्रेणी में नहीं रखा गया है वे अपने वाहनों में 30-40 प्रतिशत से अधिक रंगीन काले शीशे का उपयोग न करें अन्यथा उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधान के तहत चालानी कार्रवाही की जा सकेगी।