स्मार्ट सिटी घोटाले का मास्टरमाइंड के.के. श्रीवास्तव गिरफ्तार
रायपुर / शौर्यपथ / राजधानी रायपुर से जुड़ा एक बड़ा आर्थिक अपराध उजागर हुआ है। स्मार्ट सिटी योजना में ₹500 करोड़ के ठेके का झांसा देकर 15 करोड़ की ठगी करने वाला आरोपी के.के. श्रीवास्तव भोपाल के एमराल्ड होटल से गिरफ्तार कर लिया गया है। श्रीवास्तव को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का निकट सहयोगी माना जाता रहा है।
दिल्ली के एक व्यवसायी से ठेका दिलाने के नाम पर मोटी रकम ली गई, लेकिन काम का कोई अता-पता नहीं था। रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज एफआईआर के बाद आरोपी करीब एक साल से फरार चल रहा था।
इस केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी ₹50 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू कर दी है। जोमैटो और स्विगी जैसे प्लेटफॉर्म के डिलीवरी बॉयज़ के खातों का दुरुपयोग कर ट्रांजेक्शन किए जाने की भी पुष्टि हुई है।
स्थानीय पुलिस और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर आरोपी को भोपाल से पकड़ा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि राजधानी रायपुर के इस बहुचर्चित घोटाले में और कौन-कौन नाम सामने आते हैं।