0 कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत पर्यवेक्षक की पत्रकारवार्ता, जिला अध्यक्ष चयन प्रक्रिया पर बोले सापरा
राजनांदगांव/शौर्यपथ / कांग्रेस पार्टी ने वर्ष 2025 को संगठन सृजन और सुधार का वर्ष घोषित करते हुए पूरे देश में संगठन पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू की है। इसी क्रम में राजनांदगांव पहुंचे कांग्रेस पर्यवेक्षक चरण सिंह सापरा ने रविवार को पत्रकारवार्ता में कहा कि अब कांग्रेस में नेतापुत्र नहीं, बल्कि भूमिपुत्र आगे बढ़ेंगे। सच्चे, निष्ठावान और जमीनी कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में स्थान मिलेगा।
सापरा ने बताया कि अहमदाबाद में हुए कांग्रेस अधिवेशन में यह निर्णय लिया गया था कि 2025 को संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने का वर्ष बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य है कि जो कार्यकर्ता वर्षों से बूथ, ब्लॉक और मंडल स्तर पर पार्टी का झंडा उठाए हुए हैं, उन्हें अब नेतृत्व में लाया जाए।
उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी से लेकर ब्लॉक और मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनाधार का आकलन किया जा रहा है। सापरा ने दो टूक कहा “भूमिपुत्र तो जमीनी स्तर पर मेहनत करते रहते हैं, लेकिन नेतापुत्र पदों पर पहुंच जाते हैं — अब यह अंतर खत्म होगा,” ।
सापरा ने यह भी स्पष्ट किया कि नए जिला अध्यक्षों की जवाबदेही तय की जाएगी। यह पद अब स्थायी नहीं रहेगा, परफॉर्मेंस ठीक नहीं रहा तो बदलाव संभव है। पत्रकारवार्ता के दौरान सापरा ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश में ध्रुवीकरण और नफरत की राजनीति फैला रही है। कांग्रेस संगठन इस नफरत के खिलाफ तिरंगे के साथ खड़ा रहेगा।
उन्होंने बताया कि वे जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। सापरा ने कहा हम सिर्फ पदाधिकारियों से नहीं, हर उस साधारण कार्यकर्ता से मिल रहे हैं जो कांग्रेस के विचार और झंडे के साथ खड़ा है। यही सच्ची लोकतांत्रिक प्रक्रिया है।
प्रेस वार्ता में सह-पर्यवेक्षक विधायक संदीप साहू, विधायक भोलाराम साहू, पीसीसी उपाध्यक्ष वीरेश ठाकुर, पीसीसी महामंत्री शाहिद भाई, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, भागवत साहू, पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, प्रदेश प्रवक्ता रूपेश दुबे, सूर्यकांत जैन, कमलजीत पिंटू, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, संयुक्त सचिव आफताब आलम तथा पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।