Print this page

“जो कहा, वह किया”— जनादेश परब में छत्तीसगढ़ के दो वर्षों का सशक्त रिपोर्ट-कार्ड पेश , जांजगीर-चांपा में विकास का महापर्व: दो वर्षों की उपलब्धियों का भव्य प्रदर्शन

  • doing of business

रायपुर / शौर्यपथ

छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जांजगीर-चांपा के खोखराभाठा पुलिस लाइन मैदान में जनादेश परब का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम और राज्यगीत के साथ हुआ, जिसमें जनविश्वास, गौरव और निर्माण के संकल्प को दोहराया गया।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने दो वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा— "जो कहा था, वह किया और जो नहीं कहा, वह भी करके दिखाया।" उन्होंने बताया कि सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों के हित में अनेक ऐतिहासिक और परिणामकारी कदम उठाए हैं जिनका प्रभाव प्रत्यक्ष रूप से जनता तक पहुँचा है।

आदिवासी सशक्तिकरण और विकास
धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष योजना को आदिवासी समाज की उन्नति का बड़ा माध्यम बताया गया। रेलवे बजट में 22 गुना वृद्धि, 32 अमृत स्टेशनों का विश्वस्तरीय विकास और आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, जल जीवन मिशन, पीएम-किसान जैसी योजनाओं का व्यापक लाभ छत्तीसगढ़ तक पहुँचा है।

किसानों के लिए ऐतिहासिक कदम
सरकार बनने के शुरुआती एक महीने में किसानों को 3700 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया। दो वर्षों में 1.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रत्यक्ष अंतरण किसानों तक पहुँचाया गया। भूमिहीन कृषि मजदूरों में 5 लाख से अधिक परिवारों को 10-10 हजार रुपये की सहायता दी गई, जिससे उनकी आर्थिक सुरक्षा मजबूत हुई।

युवाओं और महिलाओं के लिए निर्णायक फैसले
केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने पारदर्शी भर्ती तंत्र, 32 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया, लोक सेवा आयोग में पारदर्शिता, नालंदा लाइब्रेरी की स्थापना और आईटीआई के आधुनिकीकरण को "भविष्य निर्माण की नींव" बताया। महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना, महतारी सदन, और पीएम जनमन के माध्यम से 70 लाख परिवारों को मिलने वाले लाभ को सरकार की संवेदनशीलता की मिसाल बताया गया।

मुख्यमंत्री का संबोधन: "निरंतर सेवा, निरंतर विकास"
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दो वर्षों की उपलब्धियों पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्यरत है। प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन, भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, चरण पादुका जैसी योजनाएँ विकास की गति को बढ़ा रही हैं।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा, पुनर्वास और विकास की त्रिस्तरीय रणनीति से नक्सलवाद की कमर टूटी है और राज्य नक्सल-मुक्ति की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। विजन डॉक्यूमेंट 2047 के माध्यम से संसाधन-समृद्ध छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने का खाका तैयार किया गया है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जनादेश परब को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को एक-एक कर पूरा किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सरकार बनने के बाद 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं और विकास के सभी कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि सुशासन और जनविश्वास को मजबूत करते हुए छत्तीसगढ़ विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है।
जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि दो वर्षों में विकास के कई आयाम स्थापित हुए हैं और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है।

रिपोर्ट-कार्ड और पुस्तक का विमोचन
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित रिपोर्ट-कार्ड और "सेवा के 2 साल" पुस्तक का विमोचन किया। जांजगीर-चांपा की पहचान कोसा और कांसा से अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित वीडियो भी प्रस्तुत किया गया।
केन्द्रीय मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री साय ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के प्रभाव और लाभ का फीडबैक लिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबियाँ भी प्रदान की गईं।

कार्यक्रम में बड़े नेता और जनसमूह रहे उपस्थित
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्रीद्वय दयालदास बघेल, केदार कश्यप, लखन लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, गजेन्द्र यादव समेत अनेक सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ