कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
महासमुंद से संतराम कुर्रे की खास रिपोर्ट
पिथौरा/महासमुंद। पुराने सिक्कों से करोड़ों रुपये दिलाने का लालच देकर ठगी करने का एक मामला सामने आया है। पिथौरा विकासखंड के ग्राम बुंदेली निवासी यशवंत साहू ने आरोप लगाया है कि पूजा-पाठ कराने के बहाने घर आए एक व्यक्ति ने उन्हें चार लाख रुपये की ठगी का शिकार बना दिया।
इस संबंध में पीड़ित यशवंत साहू ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पिथौरा में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बताया कि उन्होंने वासुदेव महाराज नामक व्यक्ति को पूजा-पाठ कराने के लिए अपने घर बुलाया था। पूजा के दौरान घर में रखे पुराने सिक्कों को देखकर वासुदेव ने दावा किया कि वह इन सिक्कों के बदले करोड़ों रुपये दिलवा सकता है।
पीड़ित के अनुसार, इसी लालच में आकर उन्होंने वासुदेव महाराज को करीब चार लाख रुपये दे दिए। बाद में जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
यशवंत साहू ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी की है तथा सूचना का अधिकार (RTI) के तहत जानकारी भी मांगी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कार्रवाई नहीं होने से आहत पीड़ित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शासन-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।