रायपुर । शौर्यपथ ।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज कबीरधाम जिले के ग्राम सेमरिया में आयोजित वीरांगना अवंतीबाई लोधी के 168वें बलिदान दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण कर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत-महात्माओं की पुण्य भूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है, जिसे विकसित और समृद्ध बनाना राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि शांति, सुरक्षा, खुशहाली और सुशासन के मूल मंत्र के साथ प्रदेशवासियों की समृद्धि सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री साय ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी के जीवन को साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय मिसाल बताते हुए कहा कि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अंग्रेजों के खिलाफ वीरतापूर्वक संघर्ष कर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा और समाजहित के मूल्यों को अपनाएं।
उन्होंने लोधी समाज की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज ऐतिहासिक रूप से वीरता, नैतिकता और राष्ट्रसेवा के लिए जाना जाता है और आज भी देश-प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान दे रहा है।
विकास कार्यों की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र के विकास हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—
कवर्धा के वार्ड क्रमांक 26 में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये
सहसपुर-लोहारा में यज्ञशाला निर्माण के लिए 20 लाख रुपये
युवाओं को खेल के लिए प्रोत्साहित करने हेतु मिनी स्टेडियम निर्माण
जनकल्याण योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, गरीबों और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है, जिसके अंतर्गत अब तक 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि ‘रामलला दर्शन योजना’ के माध्यम से 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर चुके हैं, वहीं बस्तर और सरगुजा में ओलंपिक जैसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच दिया जा रहा है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी वीरांगना अवंतीबाई लोधी के बलिदान को स्मरण करते हुए समाज से एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती भावना बोहरा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।