1.54 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच पूरी, दूरस्थ गांवों के 39 मरीजों को मिला बेहतर इलाज
रायपुर/सुकमा।शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व एवं कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान सुकमा जिले में दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों के लोगों के लिए जीवन रक्षक साबित हो रहा है।
कोंटा विकासखंड के नियद नेल्लानार क्षेत्र के कई गांवों से 39 मरीजों को जिला अस्पताल सुकमा लाकर जांच एवं उपचार कराया गया। इनमें 16 लोगों को चश्मे वितरित किए गए तथा 8 मरीजों का सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन किया गया। वहीं गोगुंडा पहाड़ी क्षेत्र की 5 हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की सुरक्षित जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।
अभियान के तहत अब तक जिले में 2,93,386 के लक्ष्य में से 1,54,157 लोगों की स्वास्थ्य जांच पूरी हो चुकी है। जांच के दौरान 4990 मरीजों को मोतियाबिंद, मलेरिया, टीबी, कुष्ठ, एनीमिया, कुपोषण, बीपी एवं शुगर जैसी बीमारियों से चिन्हित कर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और किसी भी जरूरतमंद को इलाज से वंचित न होने देना है।
मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए इलाज के बाद मरीजों को सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा की गई। जिला अस्पताल से 4 एम्बुलेंस के माध्यम से मरीजों को नाश्ता कराकर उनके गांवों तक पहुंचाया गया।