18 से 25 मई तक चलेगा “जनभागीदारी अभियान - जनजातीय गरिमा उत्सव”
दूरस्थ जनजातीय अंचलों तक पहुंचेगी शासन की योजनाएं, सेवा संतृप्ति और जनसुनवाई पर रहेगा फोकस
रायपुर/सक्ति, ।
आदिवासी विकास विभाग द्वारा “आदि कर्मयोगी अभियान” के अंतर्गत जिले में “जनभागीदारी अभियान - जनजातीय गरिमा उत्सव” का आयोजन 18 मई से 25 मई 2026 तक किया जाएगा। यह अभियान प्रधानमंत्री जनमन योजना एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत चिन्हांकित ग्रामों में संचालित होगा। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में जिले के दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है।
अभियान का संचालन राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे आईईसी कैम्पेन “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” की थीम पर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ऐसे दूरस्थ और वंचित जनजातीय क्षेत्रों तक प्रशासनिक पहुंच बनाना है, जहां अब तक योजनाओं का लाभ सीमित रूप से पहुंच पाया है।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर
अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से गांव-गांव पहुंचकर जनजातीय समुदायों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, सेवा संतृप्ति अभियान, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी, पेंशन, राशन, आधार, आयुष्मान, शिक्षा एवं अन्य जनहितकारी योजनाओं से संबंधित शिविर आयोजित होंगे।
सेवा केन्द्रों में होगी जनसुनवाई
“आदि कर्मयोगी अभियान” अंतर्गत निर्मित सेवा केन्द्रों में विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जहां ग्रामीण अपनी समस्याएं एवं शिकायतें सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे। प्राप्त शिकायतों को सूचीबद्ध कर उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
अभियान की होगी सतत मॉनिटरिंग
प्रशासन द्वारा अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों का विस्तृत प्रगति प्रतिवेदन भी तैयार किया जाएगा, जिससे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और हितग्राहियों तक वास्तविक पहुंच की समीक्षा की जा सके।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इस जनहितैषी अभियान को सफल बनाएं तथा जरूरतमंद लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करें।