बलौदाबाजार/शौर्यपथ। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद शक्ति प्रदर्शन करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। फूल-मालाओं से स्वागत, कार और बाइक रैली तथा सड़कों पर नारेबाजी करते हुए निकाला गया काफिला सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। कार्रवाई करते हुए भाटापारा पुलिस ने कुल 9 लोगों को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के मामले में गिरफ्तार किए गए 4 आरोपी हाल ही में जमानत पर जेल से रिहा हुए थे। रिहाई के बाद उनके समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत करते हुए कारों और बाइक का काफिला निकाला। इस दौरान सड़कों पर खुलेआम शक्ति प्रदर्शन किया गया और नारेबाजी की गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड होने के बाद तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में कथित रूप से हुड़दंग, सार्वजनिक शांति भंग करने वाली गतिविधियां तथा स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार भी दिखाई दिया। मामला पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा के संज्ञान में पहुंचते ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निर्देश मिलते ही भाटापारा पुलिस ने काफिले में शामिल लोगों की पहचान कर घेराबंदी की और एक-एक कर 9 युवकों को हिरासत में लिया। इनमें जमानत पर रिहा हुए 4 आरोपी और उनके 5 साथी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करने, सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से खौफ फैलाने के आरोप में संबंधित युवकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इसके अलावा रैली में शामिल वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने और सोशल मीडिया के माध्यम से दबंगई का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।