रायपुर । नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने प्रदेश के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पूरी लगन, अनुशासन और उत्साह के साथ अध्ययन करने का संदेश दिया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं है, बल्कि बच्चों के सपनों को साकार करने और उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय जाने, आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्यों को निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्राप्त की गई शिक्षा और किया गया परिश्रम ही भविष्य में सफलता का आधार बनता है। उन्होंने बच्चों को ज्ञान, संस्कार और व्यक्तित्व विकास के माध्यम से समाज, प्रदेश और देश के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
श्री साय ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे तथा प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर सभी विद्यार्थियों के सफल, उज्ज्वल और प्रेरणादायी भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो जीवन को नई दिशा और बेहतर अवसर प्रदान करती है।