ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी, स्कूल बाउंड्री वॉल व सीसी रोड निर्माण का भी मिला आश्वासन
धमतरी / शौर्यपथ / जिले के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत देवपुर में शनिवार को आयोजित समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने गांव को पहला पानी टैंकर समर्पित किया। लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा की जा रही मांग पूरी होने पर पूरे गांव में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने इसे जल संकट से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि वे जनता के सेवक हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना ही उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है तथा इस पानी टैंकर के माध्यम से गांव में होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों, धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों को समय पर पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे ग्रामीणों की पानी की समस्या काफी हद तक दूर होगी।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता हर गांव और हर घर तक विकास पहुंचाना है। जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से पानी टैंकर की मांग की जा रही थी। अब गांव को अपना पहला पानी टैंकर मिलने से सार्वजनिक आयोजनों के लिए बाहर से किराये पर टैंकर मंगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ से भी राहत मिलेगी।
इस दौरान ग्रामीणों ने गांव के स्कूल में बाउंड्री वॉल निर्माण एवं सीसी रोड निर्माण की मांग भी जिला पंचायत अध्यक्ष के समक्ष रखी। इस पर सार्वा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पंचायतों को विकास कार्यों के लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है। प्रस्ताव एवं प्रावधान के अनुसार देवपुर में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच आत्माराम नेताम ने की। इस अवसर पर उपसरपंच अनिल राय, भाजपा मंडल महामंत्री रूपेंद्र साहू, मीडिया प्रभारी रामगोपाल साहू, पूर्व सरपंच आरती ध्रुव, पूर्व उपसरपंच नीलम साहू, पंचायत सचिव संतोष ध्रुव, ग्रामीण अध्यक्ष खेमेंद्र साहू, भाजपा कार्यकर्ता हनी कश्यप, रवि भट्ट, वार्ड पंच श्रीमती रेशमी भरत, सुरेश कुमार, चंद्रिका साहू, अंजू निर्मलकर, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष चित्रांश नागवंशी, ग्राम पंचायत भीतररास के उपसरपंच सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।