बालोद छत्तीसगढ़ शौर्यपथ संवाददाता
दल्ली राजहरा । शौर्यपथ
15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दल्ली राजहरा के पर्यावरण प्रेमियों की एक टोली ने प्राकृतिक पर्यटन क्षेत्रों में बढ़ती गंदगी और प्रदूषण को रोकने तथा आम जन में पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।
इस टोली में प्रदीप साहू, टिकेश्वर साहू, लोकेंद्र देवांगन, ताराचंद रावेट, कौशल साहू और चेला राम निर्मलकर शामिल थे।
स्वतंत्रता दिवस के दिन प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति को देखते हुए जागरूकता के लिए बस्तर इन स्थलों का चयन किया गया था। टीम ने हांदावाड़ा जलप्रपात, चित्रकूट जलप्रपात एवं तामरघुंडी जलप्रपात में सफाई की और वहां मौजूद पर्यटकों को स्वच्छता का महत्व समझाया।
इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू ने कहा -
"लोग एक तरफ सुकून और शांति के लिए प्राकृतिक स्थलों पर जाना पसंद करते हैं और उम्मीद करते हैं कि वह स्थान साफ और सुरक्षित हो। वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग जाने-अनजाने में खाने-पीने की चीजें, प्लास्टिक के डिब्बे और पॉलिथीन वहीं फेंक देते हैं, जिससे वह प्राकृतिक स्थान गंदा हो जाता है और उसकी खूबसूरती धूमिल पड़ती जा रही है। हमने सिर्फ सफाई ही नहीं की, बल्कि वहां मौजूद लोगों से पर्यटन क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने की अपील भी की।"
टीम के इस प्रयास की वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने सराहना की। कई लोगों ने स्वेच्छा से सफाई में हाथ बंटाया और भविष्य में भी पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने और अन्य लोगों को जागरूक करने की शपथ ली।
टीम का मानना है कि ऐसे ही छोटे-छोटे अभियानों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जा सकता है, ताकि आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ वातावरण और अच्छे संस्कार मिल सकें।