Print this page

बुंदेली के पांचों आंगनबाड़ी केंद्रों में गूंजा ‘सेवा संकल्प’, आंगन मिलन में पोषण और स्वास्थ्य का संदेश

  • doing of business

‘मेरी पौष्टिक थाली’ से लेकर स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता तक हुए आयोजन, ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ का दिया संदेश

दैनिक शौर्यपथ महासमुंद जिला ब्यूरो / संतराम कुर्रे

पिथौरा। विकासखंड पिथौरा के गौरव ग्राम बुंदेली में पोषण माह के अंतर्गत पांचों आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘सेवा संकल्प आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पिथौरा सेक्टर भुरकुनी के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक सहभागिता को लेकर विभिन्न गतिविधियां कराई गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद सदस्य श्रीमती जयंती सिदार एवं वक्ता श्रीमती अलका शर्मा उपस्थित रहीं। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती क्षमा ताड़े ने कार्यक्रम की गतिविधियों और उद्देश्य की जानकारी दी।

हल्दी-चावल से अतिथियों को न्योता
सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम में अतिथियों को आमंत्रित करने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक रूप से हल्दी-चावल देकर सादर आमंत्रित किया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के मनोरंजन के लिए खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। बच्चों को मिठाई एवं फल का वितरण किया गया।

‘मेरी पौष्टिक थाली’ और स्वास्थ्य जांच बनी आकर्षण
बुंदेली के पांचों आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘मेरी पौष्टिक थाली’ और पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, बच्चों की खेल गतिविधियां और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया गया।
पोषण वाटिका को बढ़ावा देने के लिए पौधरोपण किया गया तथा ग्रामीणों को ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य परिवारों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना रहा।

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा आंगन मिलन
महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती क्षमा ताड़े ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न चरणों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियां होंगी।
इस दौरान महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही महिलाएं अपने अनुभव साझा करेंगी तथा पात्र हितग्राहियों का पंजीयन भी किया जाएगा। महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग स्वयं एवं बच्चों के पोषण के लिए करने वाली माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ प्रदान किया जाएगा।
पहले दिन 25 सितंबर को कार्यक्रम की शुरुआत की गई, जिसके बाद निर्धारित तिथियों के अनुसार यह आयोजन 7 अक्टूबर तक जारी रहेगा। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं, बच्चों और समुदाय की सहभागिता से पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ