रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत दुर्ग जिले के भिलाई स्थित आंगनबाड़ी केंद्र सेक्टर-7 में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कार्यक्रम में शामिल होकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों के योगदान की सराहना की। इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर, वरिष्ठ नागरिक श्री सुरेंद्र कौशिक, श्री पुरूषोत्तम देवांगन और महिला मोर्चा भिलाई अध्यक्ष श्रीमती स्वीटी कौशिक उपस्थित रहीं।
पोषण और स्वच्छता को बनाया आधार
राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और आशा कार्यकर्ता शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ गर्भवती महिलाओं, माताओं और बच्चों की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वे पोषण, खान-पान और टीकाकरण के संबंध में भी जागरूकता फैलाती हैं।
उन्होंने कहा कि अच्छे कार्य के लिए मिलने वाला प्रोत्साहन कार्यकर्ताओं को और ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजने और कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में सहयोग करने की अपील की।
पोषण माह के दौरान गर्भवती महिलाओं, किशोरियों तथा कम वजन और कुपोषित बच्चों के लिए पौष्टिक आहार के महत्व पर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। राज्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का बेहतर स्वास्थ्य परिवार को सशक्त बनाता है, वहीं बच्चों को पर्याप्त पोषण और उचित देखभाल उनके भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है। उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए महिलाओं से पोषण, स्वच्छता और शासकीय योजनाओं के प्रति आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
विकसित भारत के संकल्प में जनभागीदारी पर जोर
राज्यमंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं की सफलता में जनता की सहभागिता महत्वपूर्ण है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने लोगों से आंगनवाड़ी केंद्रों से निरंतर जुड़ने और कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, अधिकारियों तथा पर्यवेक्षकों का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल कार्यकर्ताओं के लिए नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के लिए हैं। अभिभावकों को बच्चों की वृद्धि, पोषण और सीखने की प्रगति की जानकारी लेने के लिए समय-समय पर केंद्र पहुंचना चाहिए।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान
कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवाओं और आंगनवाड़ी केंद्रों में सहयोग के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती संगीता खड़से एवं गुरमीत कौर, सहायिका श्रीमती कामिन साहू एवं डी. महालक्ष्मी, मितानिन शकुन्तला तथा आंगनवाड़ी में सहयोग करने वाली डुलेश्वरी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मिलेट्स से तैयार विभिन्न व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें मोटे अनाज के पोषण महत्व को प्रदर्शित किया गया। बच्चों के लिए न्योता भोज का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक श्रीमती रेणुका श्रीवास्तव, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री अशोक पांडे, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अजय कुमार साहू सहित परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं उपस्थित रहीं।