बैलाडीला की पहाड़ियों के अंतिम छोर पर बसे पहुंचविहीन गांव में 106 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच, दवाइयों के साथ आयुष्मान कार्ड भी बनाए
दंतेवाड़ा / शौर्यपथ। बैलाडीला की पहाड़ियों के अंतिम छोर पर बसे पहुंचविहीन ग्राम बेंगपाल तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब 8 किलोमीटर का दुर्गम और पथरीला रास्ता पैदल तय किया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गांव में पेड़ की छांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की जांच, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।
शिविर में 106 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। मलेरिया की रोकथाम के लिए शिविर में पहुंचे सभी ग्रामीणों की स्क्रीनिंग की गई। वहीं 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर परीक्षण किया गया। गर्भवती महिलाओं का पंजीयन करने के साथ बच्चों का आवश्यक नियमित टीकाकरण भी किया गया।
मोतियाबिंद मरीज चिन्हांकित, जिला अस्पताल भेजने की तैयारी
स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों का नेत्र परीक्षण भी किया। जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को चिन्हांकित कर आगे उपचार एवं ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। पात्र ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। वहीं 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के तहत कार्ड तैयार किए गए।
दुर्गम गांवों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं
बेंगपाल जैसे दुर्गम और अंदरूनी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य अमले का 8 किलोमीटर पैदल सफर तय कर ग्रामीणों तक पहुंचना इस अभियान की जमीनी पहुंच को दर्शाता है। ऐसे शिविरों के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीणों को उनके गांव के आसपास ही जांच, उपचार, टीकाकरण और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।