लोकभवन में 1122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राज्य पुरस्कार | शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सेवा, अनुशासन और समर्पण को बताया स्काउटिंग की पहचान
रायपुर / शौर्यपथ / राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। जल संचयन, वनों की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। स्काउट्स एवं गाइड्स इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की प्रभावी पहल बताया।
राज्यपाल गुरुवार को लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशभर से चयनित 1122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राज्य पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री एवं संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने की।
पुरस्कार के साथ बढ़ती है जिम्मेदारी : राज्यपाल
राज्यपाल डेका ने सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि स्काउटिंग का आदर्श वाक्य ‘तैयार रहो’ विषम परिस्थितियों का सामना करने और जिम्मेदारियों के निर्वहन की प्रेरणा देता है। पुरस्कार प्राप्त करना गर्व की बात है, लेकिन इससे जिम्मेदारी भी बढ़ती है। युवाओं को समाजसेवा में सक्रिय योगदान देकर अपने आचरण से दूसरों के लिए प्रेरणा बनना चाहिए।
बस्तर क्षेत्र से आए स्काउट्स-गाइड्स की उपस्थिति पर प्रसन्नता जताते हुए राज्यपाल ने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में शांति स्थापित हुई है और क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से कठिन परिश्रम, समय की पहचान और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।
स्काउटिंग जीवनभर सेवा की प्रेरणा देती है : गजेंद्र यादव
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्काउटिंग की वर्दी अनुशासन, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। इसके नियम और प्रतिज्ञाएं सदस्यों को विशिष्ट पहचान देते हैं तथा जीवनभर सेवा के भाव से कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने राज्य पुरस्कार को प्रतिभागियों की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रदेश के अधिक से अधिक स्काउट्स एवं गाइड्स को राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
1122 प्रतिभागियों को मिला सम्मान
राज्य पुरस्कार पाने वालों में 405 स्काउट्स, 528 गाइड्स, 64 रोवर्स और 125 रेंजर्स शामिल रहे। समारोह में उत्कृष्ट योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ स्काउटर योगेश्वर प्रसाद गांगुली (बालोद), सर्वश्रेष्ठ गाइडर तनुजा बंजारे एवं लता वैष्णव (महासमुंद), सर्वश्रेष्ठ रोवर राजमणि बंजारे एवं चंद्रशेखर पंकज, सर्वश्रेष्ठ रेंजर विभूति वर्मा एवं कृति बिजौर, सर्वश्रेष्ठ स्काउट ईश साहू, हरीश कुमार खोटे एवं राजवीर भट्ट तथा सर्वश्रेष्ठ गाइड दिव्या पटेल एवं दीप्ति पटेल को सम्मानित किया गया।
स्काउटिंग में दीर्घकालीन सेवाओं के लिए शैलेंद्र मिश्रा, आनंद राम बघेल, पवन कुमार नायक, विनोद कुमार हथेल, शशि बंछोर और रजनी रेड्डी को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इस दौरान पीपिंग सेरेमनी में लोकभवन के एडीसी उदित पुष्कर (आईपीएस) को रैंक बैज लगाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, राज्य सचिव अमित कुमार क्षत्रिय सहित स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन के पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित रहे।