Print this page

जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, 66 हजार प्रगणक और पर्यवेक्षक संभालेंगे मैदानी जिम्मेदारी

  • doing of business

मास्टर ट्रेनर्स के प्रथम बैच का प्रशिक्षण संपन्न, 16 से 19 नवंबर तक दूसरे बैच का प्रशिक्षण; छत्तीसगढ़ में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर होगी जनगणना

रायपुर / शौर्यपथ। देश की जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक स्तर पर प्रशिक्षण प्रक्रिया तेज कर दी गई है। राज्य में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनगणना का मैदानी कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों के सदस्यों की गणना करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए प्रदेशभर में लगभग 66 हजार प्रगणक एवं पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। इनके प्रशिक्षण की जिम्मेदारी 1,120 फील्ड ट्रेनर्स को सौंपी गई है।

मास्टर ट्रेनर्स के प्रथम बैच का चार दिवसीय प्रशिक्षण पूरा

जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए नवा रायपुर अटल नगर स्थित प्रशासन अकादमी में मास्टर ट्रेनर्स का राज्यस्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण दो बैचों में निर्धारित किया गया है। प्रथम बैच का चार दिवसीय प्रशिक्षण 2 नवंबर से प्रारंभ होकर 5 नवंबर को संपन्न हुआ।

इस प्रशिक्षण के लिए जिलों से 47 तथा जनगणना कार्य निदेशालय से 13 सहित कुल 60 मास्टर ट्रेनर्स नामित किए गए हैं। इन्हें छत्तीसगढ़ के लिए नियुक्त राष्ट्रीय प्रशिक्षक एवं संयुक्त निदेशक अशोक मिश्र तथा प्रदीप कुमार साव ने प्रशिक्षण प्रदान किया।

16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स ने लिया प्रशिक्षण

प्रथम बैच में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार-भाटापारा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई सहित 16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना के दूसरे चरण की कार्यप्रणाली, प्रश्नावली भरने की प्रक्रिया, प्रगणना की तकनीकी बारीकियों, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग, आंकड़ों के संकलन और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करने के लिए तैयार किया गया।

16 से 19 नवंबर तक दूसरे बैच का प्रशिक्षण

मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण की अगली कड़ी में दूसरा बैच 16 से 19 नवंबर 2026 तक प्रशासन अकादमी, नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित होगा। इस बैच को भी राष्ट्रीय प्रशिक्षक अशोक मिश्र एवं प्रदीप कुमार साव प्रशिक्षण देंगे।

इसके बाद प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण देंगे। फील्ड ट्रेनर्स आगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। इस प्रकार बहुस्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश के सभी जनगणना कार्यकर्ताओं को मैदानी जिम्मेदारियों के लिए तैयार किया जाएगा।

पहला चरण पूरा, अब दूसरे चरण में होगी घर-घर गणना

उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य छत्तीसगढ़ में 1 से 30 मई 2026 तक सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। अब दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की गणना सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।

यह प्रशिक्षण भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। इसमें जनगणना की राज्य नोडल अधिकारी एवं गृह विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारीक तथा जनगणना कार्य निदेशालय, छत्तीसगढ़ के निदेशक कार्तिकेया गोयल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही की जा रही है।

जनगणना-2027 का दूसरा चरण प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की गणना सुनिश्चित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके लिए प्रशिक्षण में तकनीकी दक्षता, आंकड़ों की शुद्धता, समयबद्धता और कार्य के प्रति जवाबदेही पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि निर्धारित समयावधि में जनगणना का मैदानी कार्य व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जा सके।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ