प्रकृति, गौवंश संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश देते हैं हमारे पारंपरिक पर्व : मुख्यमंत्री
खेत-खलिहान धन-धान्य से भरे रहें, किसानों और प्रदेश के हर परिवार के जीवन में आए सुख-समृद्धि : साय
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गोवर्धन पूजा एवं छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौरा-गौरी से प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।
अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति और गौवंश के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला पर्यावरण, जीव-जंतुओं के संरक्षण तथा सामूहिक सहयोग और एकजुटता की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का गौरा-गौरी पर्व प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकआस्था और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व हमारी माटी की परंपराओं और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ा है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी एकता को मजबूत करने के साथ हमारी सांस्कृतिक पहचान को भी संरक्षित करते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण एवं गौरा-गौरी की कृपा से प्रदेश के खेत-खलिहान धन-धान्य से परिपूर्ण रहें, अन्नदाताओं के जीवन में समृद्धि आए और छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति एवं खुशहाली बनी रहे।