15 नवंबर को धरमजयगढ़ में होगा राज्य स्तरीय आयोजन, 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में मनाया जाएगा जनजातीय गौरव सप्ताह
रायपुर । भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा। वहीं 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर के शिक्षण संस्थानों में जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत शैक्षणिक, सांस्कृतिक और जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे।
राज्य शासन के आदिम जाति विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार धरमजयगढ़ में आयोजित समारोह में विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, वन, महिला एवं बाल विकास, रोजगार तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
गौरव सप्ताह के दौरान शासकीय, अशासकीय और निजी शिक्षण संस्थानों में निबंध, भाषण, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय इतिहास, लोकसंस्कृति और परंपरागत ज्ञान से विद्यार्थियों को परिचित कराया जाएगा।
इस आयोजन का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा सहित शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्रप्रेम की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। साथ ही जनजातीय समाज की लोककला, लोकनृत्य, हस्तशिल्प और प्रकृति संरक्षण से जुड़ी परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन पर जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा आयोजित यह सप्ताह जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को सम्मान देने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कौशल विकास और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का अवसर भी बनेगा।