Print this page

सेल सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा का भिलाई दौरा, रावघाट खदान परियोजना में तेजी लाने के निर्देश

  • doing of business

इस्पात भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक; उत्पादन, परिचालन दक्षता और सुरक्षा व्यवस्था की भी हुई समीक्षा

भिलाई । स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. अशोक कुमार पंडा शनिवार को भिलाई प्रवास पर पहुंचे। भिलाई आगमन पर भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने उनका स्वागत किया। अपने प्रवास के दौरान डॉ. पंडा ने संयंत्र के उत्पादन, परिचालन गतिविधियों, सुरक्षा व्यवस्था और रावघाट खदान परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

इस्पात भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में डॉ. पंडा ने निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र एवं वरिष्ठ प्रबंधन के सदस्यों के साथ रावघाट खदान परियोजना की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने परियोजना से जुड़े कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया।

डॉ. पंडा ने कहा कि रावघाट खदान परियोजना भिलाई इस्पात संयंत्र की कच्चे माल की उपलब्धता और दीर्घकालीन आपूर्ति सुरक्षा सुनिश्चित करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। परियोजना में तेजी लाने से संयंत्र की भविष्य की उत्पादन आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।

उत्पादन और परिचालन दक्षता पर जोर

समीक्षा बैठक में सीएमडी ने भिलाई इस्पात संयंत्र के समग्र प्रदर्शन, उत्पादन संबंधी गतिविधियों और प्रमुख परिचालन प्राथमिकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति, उत्पादकता में वृद्धि तथा परिचालन दक्षता को लगातार बेहतर बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही संयंत्र के सभी स्तरों पर सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

सुरक्षा व्यवस्था की भी हुई समीक्षा

प्रवास के दौरान डॉ. पंडा ने संयंत्र के कार्यपालक निदेशकों एवं मुख्य महाप्रबंधकों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक भी की। इसमें विभिन्न विभागों और परिचालन क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा हुई। कार्यस्थलों पर संभावित जोखिमों की पहचान, कार्मिकों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र सहित भिलाई इस्पात संयंत्र के वरिष्ठ प्रबंधन के सदस्य उपस्थित रहे। सीएमडी के इस प्रवास को रावघाट खदान परियोजना की प्रगति, संयंत्र की उत्पादन क्षमता और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ