Print this page

धान खरीदी के बीच प्रशासन का बड़ा एक्शन, दो राइस मिलों से 34,303 क्विंटल धान-चावल जब्त

  • doing of business

स्टॉक पंजी नहीं दिखाने पर ए.के. राइस इंडस्ट्रीज की दोनों इकाइयों पर कार्रवाई, संयुक्त टीम ने किया भौतिक सत्यापन

धमतरी / शौर्यपथ / समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही प्रशासन ने अवैध भंडारण और कस्टम मिलिंग में अनियमितताओं के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। इसी क्रम में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम भोयना स्थित ए.के. राइस इंडस्ट्रीज की दो इकाइयों में दबिश देकर 32,878 क्विंटल धान और 1,425 क्विंटल चावल सहित कुल 34,303 क्विंटल खाद्यान्न जब्त किया है।

कलेक्टर के निर्देश पर 16 नवंबर को किए गए औचक निरीक्षण के दौरान मिल संचालक अकील अहमद खान मौजूद नहीं थे। टीम ने मुंशी सोहेल रजा से धान और चावल की स्टॉक पंजी मांगी, लेकिन वे अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों इकाइयों में भंडारित खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन कर लगभग 80 हजार कट्टों में रखे धान और चावल को जब्त कर मुंशी की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।

दोनों मिलें खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत कस्टम मिलिंग का चावल जमा कर रही हैं। स्टॉक पंजी नहीं मिलने पर कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश, 2016 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी और कस्टम मिलिंग में पारदर्शिता बनाए रखने तथा अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ