Print this page

सुशासन को प्रभावी और पारदर्शी बनाने में तकनीक की अहम भूमिका : मुख्यमंत्री साय

  • doing of business

बिलासपुर जिला कार्यालय में आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, कर्मचारियों को AI और साइबर सुरक्षा का भी मिलेगा प्रशिक्षण

रायपुर/शौर्यपथ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में आधुनिक तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। डिजिटल दक्षता से शासकीय कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और नागरिकों को सरकारी सेवाएं अधिक सरलता एवं तेजी से मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने बिलासपुर प्रवास के दौरान जिला कार्यालय में शासकीय कर्मचारियों के लिए स्थापित आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। भारतीय स्टेट बैंक के बिलासपुर अंचल ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत इस केंद्र की स्थापना की है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बदलते दौर में शासकीय कर्मचारियों का कंप्यूटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल कार्यप्रणाली में दक्ष होना आवश्यक है। आधुनिक तकनीक का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग प्रशासनिक कामकाज को सरल और प्रभावी बना सकता है। इसके साथ ही सरकारी अभिलेखों और नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने इस जनोपयोगी पहल के लिए भारतीय स्टेट बैंक की सराहना की।

कंप्यूटर, AI और साइबर सुरक्षा का मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण केंद्र में कर्मचारियों को कंप्यूटर संचालन, डिजिटल कार्यप्रणाली और कार्यालयीन कार्यों में AI के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा साइबर सुरक्षा के तहत ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, संदिग्ध लिंक की पहचान, सुरक्षित पासवर्ड और डेटा गोपनीयता जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा।

जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित यह केंद्र ई-गवर्नेंस को मजबूत करने और प्रशासनिक सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में सहायक होगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल एवं सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ