Print this page

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, अब तक 5.64 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी

  • doing of business

बालोद जिला 67,125 क्विंटल खरीदी के साथ प्रदेश में अव्वल, राजनांदगांव दूसरे और महासमुंद तीसरे स्थान पर

   रायपुर / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी महाअभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिले के सेन्द्री स्थित धान उपार्जन केंद्र से धान खरीदी अभियान का शुभारंभ किया। प्रदेश में 16 नवंबर को शाम 7 बजे तक कुल 5 लाख 64 हजार 470 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदी की गति बढ़ने के साथ ही प्रदेश के उपार्जन केंद्रों में किसानों की सक्रियता और उत्साह देखने को मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री साय ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से प्रदेशव्यापी धान खरीदी महाअभियान का शुभारंभ किया था। इसके बाद बिलासपुर के सेन्द्री में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से खरीदी अभियान को आगे बढ़ाया गया।

3100 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था
राज्य सरकार ने इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए प्रदेशभर में कुल 3100 धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें से 2847 केंद्रों में टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि 2030 केंद्रों में वास्तविक धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। सरकार द्वारा उपार्जन केंद्रों में सुव्यवस्थित खरीदी, पारदर्शी व्यवस्था और टोकन प्रणाली पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बालोद में सर्वाधिक खरीदी, राजनांदगांव दूसरे स्थान पर
जिलावार आंकड़ों के अनुसार 16 नवंबर को प्रदेश में सबसे अधिक धान की खरीदी बालोद जिले में दर्ज की गई। यहां 67,125.20 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ। राजनांदगांव जिला 64,095.60 क्विंटल के साथ दूसरे और महासमुंद जिला 56,454 क्विंटल खरीदी के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

मोटा, पतला और सरना धान का उपार्जन
शाम 7 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल 5,64,470 क्विंटल धान की खरीदी हुई। इसमें 3,26,110 क्विंटल मोटा धान, 2,16,482 क्विंटल पतला धान तथा 21,877 क्विंटल सरना धान शामिल है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और कृषि क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए धान खरीदी व्यवस्था को सुचारु बनाने पर जोर दे रही है। प्रदेश के विभिन्न उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए सुविधाजनक अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ