Print this page

अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन तक गूंजा छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति का गौरव

  • doing of business

NACHA ने भारतीय दूतावासों और सामुदायिक संगठनों के साथ मनाया जनजातीय गौरव दिवस; शिकागो, टोरंटो, लंदन और ह्यूस्टन में हुए आयोजन

रायपुर, शौर्यपथ। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की गूंज सात समंदर पार अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन तक पहुंची। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस 2026 में नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) ने भारतीय दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों, उच्चायोग और विभिन्न भारतीय सामुदायिक संगठनों के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। इस वर्ष 1 से 15 नवंबर तक आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़े के दौरान विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ी प्रवासी समुदाय ने भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय नायकों के संघर्ष, बलिदान और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।

शिकागो में गणेश कर ने किया सामुदायिक संगठनों का समन्वय

अमेरिका के शिकागो स्थित नेशनल इंडिया हब में भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित समारोह में विभिन्न राज्यों के भारतीय सामुदायिक संगठनों ने भाग लिया। भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक विरासत में जनजातीय समाज के योगदान को रेखांकित किया।

आयोजन के सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी NACHA के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर को सौंपी गई। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सहित ओडिशा, मणिपुर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के संगठनों ने एक मंच पर सहभागिता की। NACHA शिकागो चैप्टर के अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने NACHA की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दिए गए ‘छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026’ के लिए बधाई देते हुए सम्मानित किया। दीपाली सरावगी ने भगवान बिरसा मुंडा के साहस और बलिदान को याद करते हुए शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

टोरंटो में पंकज अग्रवाल ने संभाली जिम्मेदारी

कनाडा के टोरंटो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने NACHA सहित विभिन्न भारतीय संगठनों के सहयोग से जनजातीय गौरव दिवस मनाया। महावाणिज्य दूत महावीर सिंहवी ने दीप प्रज्वलित कर भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में मूल रूप से बिलासपुर निवासी और NACHA कनाडा चैप्टर के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने समन्वय एवं नेतृत्व की भूमिका निभाई। जनजातीय नृत्य, पारंपरिक कला, चित्रकला और वेशभूषा प्रतियोगिताओं के माध्यम से भारत की विविध जनजातीय संस्कृति प्रस्तुत की गई। कलाकारों और प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।

लंदन और ह्यूस्टन में भी छत्तीसगढ़ की पहचान

ब्रिटेन की राजधानी लंदन के प्रतिष्ठित नेहरू सेंटर में आयोजित ‘द ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026’ में NACHA यूके ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में NACHA यूके के अरविंद साहू, पियाली और अन्य कार्यकारी सदस्यों ने भारतीय उच्चायोग एवं सामुदायिक प्रतिनिधियों के साथ सहभागिता की। जनजातीय इतिहास, स्वतंत्रता संघर्ष और लोककलाओं को प्रमुखता दी गई।

वहीं अमेरिका के टेक्सास स्थित ह्यूस्टन में भारतीय वाणिज्य दूतावास के कार्यक्रम में जनजातीय गौरव दिवस के साथ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की भावना भी साझा की गई। NACHA के प्रतिनिधि हिमांशु थवैत और नंदा तिवारी ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय विरासत, लोकसंस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सामने रखा।

वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ की विरासत पहुंचाना लक्ष्य : दीपाली सरावगी

NACHA की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी ने कहा कि यह छत्तीसगढ़वासियों के लिए गर्व का विषय है कि विदेशों में बसे प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधि भारतीय राजनयिक मिशनों के साथ मिलकर जनजातीय विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस की पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान केवल प्राकृतिक संपदा तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर से सरगुजा तक फैली जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विविधता में भी इसकी विशिष्ट पहचान है। NACHA का उद्देश्य दुनिया भर में बसे छत्तीसगढ़वासियों को जोड़ना और नई पीढ़ी को अपने प्रदेश के इतिहास, संस्कृति तथा महान नायकों के योगदान से परिचित कराना है।
उन्होंने शिकागो, टोरंटो, लंदन और ह्यूस्टन में आयोजन से जुड़े NACHA पदाधिकारियों, भारतीय राजनयिक मिशनों, सहयोगी संगठनों, कलाकारों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ