उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर छह स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजन; गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी, नेत्र जांच और बच्चों की हृदय जांच होगी निःशुल्क
कबीरधाम, शौर्यपथ। ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर कबीरधाम जिले में 24 से 29 नवंबर तक छह दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा लगाए जा रहे इन शिविरों में गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी, नेत्र जांच तथा जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर लोहारा, 25 नवंबर को पिपरिया और 26 नवंबर को बोड़ला में सोनोग्राफी एवं नेत्र जांच की जाएगी। वहीं 27 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदूर, 28 नवंबर को तरेगांव तथा 29 नवंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंगाखार में सोनोग्राफी, नेत्र और हृदय जांच की सुविधा मिलेगी।
18 वर्ष तक के बच्चों की होगी हृदय जांच
शिविरों में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम चिरायु के तहत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की पहचान और उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों की निःशुल्क जांच की जाएगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यकतानुसार ईको जांच और परामर्श दिया जाएगा। जरूरतमंद बच्चों को उच्च चिकित्सा केंद्रों में उपचार के लिए रेफर करने की व्यवस्था भी रहेगी। इस कार्य में सत्य साईं अस्पताल का सहयोग लिया जा रहा है।
बच्चों में सांस फूलना, शरीर में नीलापन, बार-बार निमोनिया होना, दूध पीते समय जल्दी थक जाना और वजन या शारीरिक विकास में कमी जैसे लक्षण जन्मजात हृदय रोग के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर अभिभावकों से समय पर जांच कराने की अपील की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं और बच्चों को जांच के लिए जिला मुख्यालय या बड़े अस्पतालों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। विभाग ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से निर्धारित तिथि पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर निःशुल्क जांच सुविधा का लाभ लेने की अपील की है।