आरबीसी 6-4 के तहत मिलेगी आर्थिक सहायता, बीमित किसानों को फसल बीमा योजना के अनुसार दिलाई जाएगी दावा राशि; मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिया भरोसा
रायपुर । शौर्यपथ / अकवान चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभावित किसानों को राहत का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में हर प्रभावित किसान के साथ खड़ी है। फसल क्षति का सर्वेक्षण कराकर सभी पात्र किसानों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। सर्वेक्षण के आधार पर प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के तहत पात्रतानुसार सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
वहीं, जिन किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है, उन्हें संबंधित फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र बीमा दावा राशि दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने किसानों को आश्वस्त किया कि उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। राज्य सरकार नुकसान का आकलन कराने से लेकर पात्र किसानों को राहत उपलब्ध कराने तक सभी आवश्यक कदम उठाएगी।