‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ पर शोध परियोजनाओं का होगा प्रदर्शन; चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व
रायपुर / शौर्यपथ । बच्चों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का शुक्रवार को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में शुभारंभ हुआ। 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के अंतर्गत आयोजित इस आयोजन में प्रदेश के 33 जिलों के 8,456 बाल वैज्ञानिक अपनी प्रतिभा और शोध परियोजनाओं का प्रदर्शन करेंगे।
छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीकॉस्ट) द्वारा आयोजित इस वर्ष की बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ रखा गया है। इसके अंतर्गत पांच उपविषयों पर विद्यार्थियों ने शोध परियोजनाएं तैयार की हैं। प्रदेशभर से 4,228 समूहों के 8,456 बाल वैज्ञानिकों ने पंजीयन कराया है।
बेहतर प्रश्नों से ही निकलेंगे नए वैज्ञानिक समाधान
उद्घाटन समारोह में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलपति एवं निदेशक ओ.पी. व्यास ने कहा कि वैज्ञानिक खोजों और आविष्कारों की बुनियाद मौलिक विज्ञान है। जिज्ञासा, तार्किक चिंतन और समस्याओं का विश्लेषण करने की क्षमता वैज्ञानिक प्रगति के लिए आवश्यक है। उन्होंने एआई के बढ़ते उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि सही और गुणवत्तापूर्ण प्रश्न तैयार करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि बेहतर प्रश्न ही नए समाधान और वैज्ञानिक खोजों का रास्ता खोलते हैं।
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल ने कहा कि विद्यार्थियों की जिज्ञासा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। बच्चों को स्वतंत्र रूप से सोचने, प्रयोग करने और अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय में स्थापित आइडियाथॉन का अवलोकन करने के लिए भी बाल वैज्ञानिकों को आमंत्रित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सीकॉस्ट के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर ने प्रतिभागियों को आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ अपनी शोध परियोजनाएं प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों को आसपास की समस्याओं को वैज्ञानिक नजरिए से समझने और उनके समाधान खोजने का अवसर प्रदान करती है।
जिलों से चयनित प्रतिभागी करेंगे शोध प्रस्तुत
अक्टूबर और नवंबर 2026 में प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस आयोजित की गई। इनमें चयनित प्रत्येक जिले के पांच बाल वैज्ञानिक अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी परियोजनाएं प्रस्तुत करेंगे। विषय विशेषज्ञों द्वारा परियोजनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा और चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (एनसीएसटीसी), भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत संचालित यह कार्यक्रम बच्चों में वैज्ञानिक चेतना, जिज्ञासा, रचनात्मकता और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद आयोजित यह 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस है।
उद्घाटन समारोह में राज्य समन्वयक डॉ. जे.के. राय, विश्वविद्यालय के प्रो. केशवकांत साहू सहित विभिन्न जिलों के समन्वयक, मार्गदर्शक शिक्षक, प्राध्यापक और सीकॉस्ट के वैज्ञानिक उपस्थित रहे।