अवैध परिवहन और भंडारण पर तकनीक से निगरानी, 1,362 अलर्ट जारी, 122 का निराकरण
धान की सबसे अधिक जब्ती जशपुर में, महासमुंद और दुर्ग भी कार्रवाई में आगे; बिचौलियों के जरिए धान खपाने वालों पर प्रशासन का शिकंजा
रायपुर / शौर्यपथ। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए राज्य शासन ने तकनीक आधारित निगरानी तेज कर दी है। आईसीसी कमांड (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) के माध्यम से प्रदेशभर के धान उपार्जन केंद्रों और संबंधित गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इस निगरानी के तहत अब तक 40 हजार 453 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है, जबकि संदिग्ध गतिविधियों को लेकर 1,362 अलर्ट जारी किए गए हैं, जिनमें से 122 का निराकरण किया गया है।
23 नवंबर 2026 की आईसीसी कमांड रिपोर्ट के अनुसार धान खरीदी में अनियमितताओं पर नियंत्रण के लिए अवैध परिवहन, अनधिकृत भंडारण और बिचौलियों के माध्यम से धान खपाने की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। रिपोर्ट में आठ मिलों के भौतिक सत्यापन का भी उल्लेख है।
जशपुर में सर्वाधिक जब्ती, दुर्ग तीसरे स्थान पर
जिला स्तर पर हुई कार्रवाई में जशपुर में सर्वाधिक 12,103 क्विंटल धान जब्त किया गया है। महासमुंद में 6,150 क्विंटल और दुर्ग में 4,975 क्विंटल धान की जब्ती दर्ज की गई है। इसके अलावा बलरामपुर में 2,982, राजनांदगांव में 2,798, रायगढ़ में 2,528 और कांकेर में 1,676 क्विंटल धान जब्त किया गया है।
कांकेर में सर्वाधिक अलर्ट, जिलों में कार्रवाई जारी
अलर्ट आधारित निगरानी में कांकेर जिले में सर्वाधिक 186 अलर्ट दर्ज किए गए। राजनांदगांव में 146, बिलासपुर में 140, बेमेतरा में 119, कवर्धा में 107 और सूरजपुर में 100 अलर्ट जारी हुए। बालोद में 89 में से 42, बलरामपुर में 76 में से 54, महासमुंद में 26 में से 20 तथा रायपुर में छह में से दो अलर्ट का निराकरण किया गया। कोरिया जिले में दर्ज तीनों अलर्ट का निराकरण किया जा चुका है।
28.07 लाख किसानों का पंजीयन, 91,746 ने बेचा धान
26 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार खरीदी के नौवें दिन तक प्रदेश के 28.07 लाख पंजीकृत किसानों में से 91 हजार 746 किसान धान बेच चुके हैं। इस दौरान कुल 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई।
राज्य शासन की इस व्यवस्था का उद्देश्य वास्तविक पंजीकृत किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ सुनिश्चित करना और खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका वाली गतिविधियों पर नियंत्रण रखना है। आईसीसी कमांड के माध्यम से तकनीकी निगरानी और जिला प्रशासन की कार्रवाई के समन्वय से धान खरीदी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने का प्रयास किया जा रहा है।