Print this page

सेवा सेतु बना वरदान, दो दिनों में मिला केंद्रीय ओबीसी प्रमाण पत्र

  • doing of business

टिकेश्वर विश्वकर्मा के लिए रेलवे भर्ती परीक्षा में शामिल होने का खुला अवसर, ऑनलाइन प्रक्रिया से समय पर हुआ आवेदन का निराकरण

रायपुर / शौर्यपथ। सरकारी प्रमाण पत्रों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी को कम करने और नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने में सेवा सेतु पोर्टल मददगार साबित हो रहा है। इसका उदाहरण बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सामने आया, जहां टिकेश्वर विश्वकर्मा को आवेदन के महज दो दिनों के भीतर केंद्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। समय पर प्रमाण पत्र मिलने से उनके लिए रेलवे भर्ती परीक्षा में शामिल होने का अवसर सुनिश्चित हो सका।

23 नवंबर को आवेदन, 25 नवंबर को मिला प्रमाण पत्र

नयापारा, तहसील लवन निवासी टिकेश्वर विश्वकर्मा, पिता बलीराम विश्वकर्मा ने 23 नवंबर 2026 को तहसील कार्यालय बलौदाबाजार स्थित सेवा सेतु केंद्र में केंद्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। आवेदन के निराकरण के बाद 25 नवंबर को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बलौदाबाजार द्वारा प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।

टिकेश्वर ने बताया कि समय पर प्रमाण पत्र मिलने से उन्हें रेलवे भर्ती परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सका। उन्होंने इस सुविधा के लिए शासन-प्रशासन और सेवा सेतु केंद्र के प्रति आभार व्यक्त किया।

ऑनलाइन प्रक्रिया से आसान हुई सरकारी सेवाएं

सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से आय, जाति, निवास और विवाह पंजीकरण जैसी आवश्यक सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और डिजिटल होने से अनावश्यक देरी की संभावना कम हुई है। नागरिक मोबाइल से घर बैठे आवेदन कर सकते हैं और डिजिटल हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

सेवा सेतु की यह पहल उन आवेदकों के लिए राहत बन रही है, जिन्हें शिक्षा, रोजगार और भर्ती परीक्षाओं के लिए निर्धारित समय सीमा में आवश्यक दस्तावेजों की जरूरत होती है।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ