Print this page

ऊर्जा संरक्षण पर आॅनलाइन चित्रकारी व स्लोगन प्रतियोगिता आयोजन कराएगा क्रेडा

  • doing of business

धमतरी / शौर्यपथ / क्रेडा द्वारा ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए इस वर्ष भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विद्यार्थियों के लिए चित्रकारी एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाएगा, जिससे छात्रों, अभिभावकों एवं नागरिकों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता लाई जा सके। इसी तारतम्य में ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बी.ई.ई.), भारत सरकार, विद्युत मंत्रालय एवं क्रेडा, प्रधान कार्यालय रायपुर के निर्देशानुसार जिला स्तरीय ’’ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता‘‘ पर आधारित आॅनलाइन चित्रकारी एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
सहायक अभियंता क्रेडा श्री कमल पुरेना ने बताया कि आयोजन को दो समूहों में विभाजित किया गया है। पहले समूह (ग्रुप ए) में कक्षा 5वीं से 8वीं के विद्यार्थी एवं दूसरे समूह (ग्रुप बी) में कक्षा 9वीं, से 12वीं के विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को क्रमशः पुरस्कार राशि चित्रकला में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को पांच हजार रूपए, द्वितीय तीन हजार तथा तृतीय दो हजार रूपए के साथ प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसी तरह स्लोगन में प्रथम आने वाले को तीन हजार रूपए, द्वितीय को दो हजार तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को एक हजार रूपए के साथ-साथ प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने ने नियम व शर्तों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का विषय ‘‘ऊर्जा सरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता’’ होगा, जिसमें प्रतिभागी चित्रकारी या स्लोगन अथवा दोनों में भाग लेने हेतु पात्र होंगे। चित्रकारी प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु छात्र-छात्राओं को ए-3/ए-4 आकार की शीट में प्रतियोगिता के विषय पर आधारित अपनी कल्पना को चित्रित करना अनिवार्य होगा। छात्र-छात्राओं को चित्रकला सामग्री जैसे पेंसिल, रंगीन पेंसिल, क्रेयाॅन, आॅयल पेस्टल्स अथवा पानी के रंगों का उपयोग करना होगा। शीट के अंत में छात्र-छात्राएँ अपना नाम, कक्षा, स्कूल का नाम लिखना होगा।
स्लोगन प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रतियोगिता के विषय पर आधरित अधिकतम दो स्लोगन स्कैच पेन से लिखें एवं अंत में छात्र-छात्राएँ अपना नाम, कक्षा, स्कूल का नाम आवश्यक रूप से लिखना होगा। स्कूल स्तर पर आॅनलाइन (व्हाट्सएप/ईमेल से संकलन पद्धति) चित्रकारी एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित किया जाना है। स्कूल स्तर पर चयनित तीन सर्वश्रेष्ठ चित्रकारी एवं स्लोगन को जिला स्तर पर आॅनलाइन (व्हाट्सएप/ईमेल से संकलन पद्धति) माध्यम से संकलित करके प्रत्येक ग्रुप को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चित्रकारी एवं स्लोगन का चयन किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु छात्र-छात्राओं को अपनी शालाओं के माध्यम से आगामी 31 दिसम्बर तक अनिवार्य रूप से अपने चित्रकारी या स्लोगन आॅनलाइन (व्हाट्सएप/ईमेल से संकलन पद्धति) माध्यम से अपने अध्ययनरत् शालाओं में जमा कराया जाना अनिवार्य होगा।
तत्पश्चात् सभी शालाओं से तीन-तीन श्रेष्ठ संकलित चित्रकारी एवं स्लोगन का चयन किया जाएगा, जिनमें से दोनों ग्रुप हेतु क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय का चयन क्रेडा एवं शिक्षा विभाग की समिति द्वारा किया जाकर पुरस्कार वितरण एवं प्रमाण पत्र वितरण कराया जायेगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी अथवा अभिभावक कलेक्टोरेट के कम्पोजिस्ट बिल्डिंग स्थित क्रेडा कार्यालय अथवा अध्ययनरत शाला से संपर्क कर सकते हैं।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ