जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक में सी.ई.ओ. ने की तिमाही प्रगति की समीक्षा
धमतरी / शौर्यपथ / जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं परामर्शदात्री समिति की बैठक आज शाम को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिसमें विभिन्न विभागों में संचालित ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में सी.ई.ओ. ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड से संबंधित ऋण शासन की प्राथमिकता में शामिल है तथा यह किसानों के लिए वरदान है। इसलिए इससे संबंधित प्रकरणों को विशेष तौर पर तरजीह देते हुए निराकृत करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों द्वारा बैंकों को भेजे गए ऋण के प्रकरणों का या तो परस्पर समन्वय के साथ समाधान करें, अथवा ऋण स्वीकृत नहीं होने की दशा में तत्काल संबंधित विभाग को उसका कारण बताते हुए वापस कर दें। अपने पास किसी भी दशा में प्रकरणों को बैंक लंबित ना रखें।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज शाम चार बजे आयोजित बैठक में जिले के अग्रणी बैंक (बैंक आॅफ बड़ौदा) के लीड बैंक मैनेजर प्रबीर राय ने बताया कि दिसम्बर-2020 (तृतीय तिमाही) की स्थिति में जिले में विभिन्न बैंकों की 95 शाखाएं हैं तथा प्राथमिकता क्षेत्र के कुल ऋण का प्रतिशत 77.08 है, जो कि राष्ट्रीय लक्ष्य (40 प्रतिशत) से भी ज्यादा है।
इसी प्रकार पूंजी का कुल जमा अनुपात 53.24 प्रतिशत है। लघु उद्योग ऋण 23.66 प्रतिशत, महिलाओं को दिए गए ऋण का प्रतिशत 12.99 है। इस पर सी.ई.ओ. ने महिला एवं अल्पसंख्यक समुदाय के ऋण की स्थिति को अत्यल्प बताते हुए प्रकरणों की व्यावहारिक दिक्कतों को दूर कर छोटी राशि वाले लोन को शीघ्रता से स्वीकृत करने के निर्देश बैंकर्स को दिए। लीड बैंक मैनेजर ने यह भी बताया कि फसल ऋण की उपलब्धि का प्रतिशत 53.83, मियादी ऋण का 101.79, कृषि क्षेत्र के कुल ऋण 64.41, गैर-कृषि क्षेत्र का 90.34, अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्र का 103.39, कुल प्राथमिकता क्षेत्र का 74 तथा गैर प्राथमिकता क्षेत्र में ऋण वितरण की उपलब्धि का प्रतिशत 1747 प्रतिशत है। सी.ई.ओ. चतुर्वेदी ने कृषि क्षेत्र के ऋण के लिए विभागीय समन्वय से लक्ष्य पूर्ण करने के लिए विभागीय अधिकारी को निर्देशित किया।
इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड, बैंक खातों का आधार एवं मोबाइल सीडिंग, जन सुरक्षा से जुड़ी योजनाएं, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना आदि योजनाओं की बैंकवार समीक्षा की गई, साथ ही चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश सी.ई.ओ. ने दिए। साथ ही शासन द्वारा प्रायोजित विभिन्न विभागों की योजनाओं की बैठक में समीक्षा की गई, जिसमें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की बैंक लिंकेज के प्रकरणों के अलावा उद्योग विभाग के प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के तहत संचालित स्वरोजगार सृजन योजना, जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास निगम की स्वरोजगार योजना सहित पशुपालन विभाग, मत्स्यपालन विभाग के ऋण प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वीकृति में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि ऋण की भी समीक्षा की गई। बैठक में बैंक आॅफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रबंधक (धमतरी) सुनील त्रिवेदी, डीआरएम राजेश दास, रिजर्व बैंक एवं नाबार्ड के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों तथा बैंकों के अधिकारी उपस्थित थे।