Print this page

भिलाई की बस्ती में भीषण आग से एक साथ जले 100 से अधिक मकान

  • doing of business

दुर्ग / शौर्यपथ /

नगर के फल मंडी के समीप स्थित सूर्यानगर में आज अपरान्ह पौने 3 बजे भीषण आग लगने से यहां के सौ से अधिक कच्चे मकान जलकर खाक हो गया। इस दौरान लोगों के घरो का करीब 10 गैस सिलेंण्डर ब्लॉस्ट हो गया जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई। हालांकि इसमें कोई जनहानि तो नही हुई लेकिन आग लगने से यहां रहने वाले लोगों को भारी नुकसान हुआ है।
बताया जाता है कि सूर्या नगर बस्ती में दोपहर के वक्त सभी अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान करीब 2.45 बजे चिंगारी मोहल्ले की एक झोपड़ी से उठती दिखी, पल भर ने चिंगारी ने आग का भयावह रुप ले लिया। इस झुग्गी बस्ती में सभी घर बांस बल्ली व टीन के बने हुए थे, इसलिए आग तेजी से फैलने लगी। तकरीबन एक घंटे में फल मंंडी समेत करीब सौ से ज्यादा झोपडिय़ा जलकर खाक हो गई। आग लगने के बाद लोगों ने तुरंत फायर बिग्रेड को फोन किये उसके बाद 5 से अधिक फायर बिग्रेड की गाडिय़ां पहुंची और आग बुझाने प्रयास करने लगी। बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। झोपडिय़ों के आग की चपेट में आते ही घरों के सिलेंडर भी फूटने लगे, लिहाजा बाकी लोग सिलेंडर तथा अन्य सामान लेकर घर से बाहर भाग निकले। आग से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, पर रोती बिलखती महिलाएं व बच्चों को देखकर उपस्थित सभी लोगों की आंखे भर आई थी। बताया गया है कि इस इलाके में ज्यादा तर कच्चे मकान ही हैं। जिसे लोग अस्थाई तौर पर बनाकर रहते हैं। मकानों को टीनें, या पन्नी ढककर बनाया गया है।

घटना को लेकर बस्तीवालों में बेहद नाराजगी
इधर घटना इंटरनेट मीडिया में वायरल होते ही लोग तेजी से पावर हाउस की तरफ भागने लगे। इसलिए नेशनल हाइवे व सर्विस रोड पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। बस्तियों से निकले लोग भी फोरलेन की तरफ आ गए थे। इस आग की घटना को लेकर बस्ती वालों में जमकर नाराजगी है। उनका कहना है कि आग करीब 2.45 बजे लगी है। हमने तुरंत ही दमकल की गाडिय़ों को सूचना दी थी। लेकिन फिर भी दमकल की गाडिय़ां 3.30 बजे के बाद पहुंची। जिसके चलते आग और बढ़ गई। इसी बात से नाराज बस्ती के लोग दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे में चक्काजाम करने जा रहे थे। लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने इन्हें रोक लिया है।

घटना स्थल पर पहुंचे जनप्रतिनिधि
प्रशासन ने की हताहत लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे, विधायक विद्यारतन भसीन,महापौर नीरजपाल, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, श्रीराम जन्मोत्सव समिति के युवा शाखा के अध्यक्ष मनीष पाण्डेय, स्थानीय पार्षद भी वहां पहुंच गये। इस दौरान प्रशासन द्वारा यह निर्णय लिया गया कि आग की इस घटना से हताहत लोगों को उनके वैकल्पिक व्यवस्था तक बैकुण्ठ धाम के पास स्थित मंगल भवन में रखा जायेगा एवं उनके भोजन की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की जायेगी।

Rate this item
(0 votes)
PANKAJ CHANDRAKAR

Latest from PANKAJ CHANDRAKAR