Print this page

भिलाई-चरोदा नगर के लिए 8 एल्डरमेनों की हुई नियुक्ति नामांकित पार्षदों के मनोनयन में दिखा सत्ता व संगठन में तालमेल

  • doing of business

 दुर्ग  / शौर्यपथ / भिलाई-चरोदा नगर निगम के लिए राज्य शासन ने 8 एल्डरमेन की नियुक्ति का ऐलान कर दिया है। इस नियुक्ति में कांग्रेस के सत्ता और संगठन में तालमेल दिखा है। नियुक्ति हो जाने की खबर मिलते ही नवनियुक्त सभी एल्डरमेन को सोशल मीडिया पर बधाई देने का सिलसिला चल पड़ा है।
भिलाई-चरोदा नगर निगम के लिए 8 एल्डरमेन अर्थात नामांकित पार्षदों के नाम की घोषणा कर दी गई है। राज्यपाल के आदेश पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर सचिव राकेश साहू के हस्ताक्षर से 5 सितम्बर को जारी सूची के अनुसार भिलाई-चरोदा नगर निगम के लिए जी जगदीश्वर राव, श्रीमती रीना विश्वास, संजय साहू, छन्नू बंजारे, गोपेन्द्र उर्फ  पप्पू चन्द्राकर, धर्मेन्द्र कोसरे एवं कमलेश कुमार साहू को एल्डरमेन नियुक्त किया गया है।
नए एल्डरमेन बने जी जगदीश्वर राव पूर्व में पार्षद व एल्डरमेन रह चुके हैं। उन्हें निगम सभापति कृष्णा चंद्राकर का कट्टर समर्थक माना जाता है। श्रीमती रीना विश्वास चरोदा के पुराने कांग्रेसी चंचल विश्वास की भाभी होने के साथ ही निगम के वर्ष 2016 के पहले चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पंचशील नगर वार्ड से पराजित हुई थी। संजय साहू मंत्री गुरु रुद्र कुमार के करीबी हैं। उन्हें निगम के पिछले कार्यकाल में कांग्रेस सरकार द्वारा एल्डरमेन बनाया गया था। चरोदा बस्ती निवासी विनोद साहू और उरला के रहने वाले छन्नू बंजारे को कांग्रेस संगठन में सक्रियता का फायदा मिला है। सिरसा कला निवासी गोपेन्द्र उर्फ पप्पू चन्द्राकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री होने के साथ ही महापौर निर्मल कोसरे के करीबी लोगों में गिने जाते हैं।
इसी तरह गनियारी निवासी पूर्व पार्षद धर्मेन्द्र कोसरे महापौर निर्मल कोसरे के चचेरे भाई हैं। धर्मेंद्र दो बार लगातार पार्षद चुने गए थे। लेकिन पिछले चुनाव में उन्होंने निर्मल कोसरे के लिए चुनाव मैदान से बाहर रहने का निर्णय लिया। पेशे से अधिवक्ता कमलेश कुमार साहू को कांग्रेस ने वसुंधरा नगर वार्ड से प्रत्याशी घोषित कर दिया था। लेकिन बाद में जातिगत समीकरण को देखते हुए उनकी टिकट काटकर अभिषेक वर्मा को प्रत्याशी बनाया गया। इसके बाद भी पार्टी प्रत्याशी को जीताने में समर्पित होकर काम करने का इनाम उन्हें एल्डरमेन पद के रूप में मिला है।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ