Print this page

“भिलाई में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब: दिव्य दरबार में फरियादियों की भीड़, हनुमंत कथा में नेताओं का जमावड़ा”

  • rounak group

  दुर्ग / शौर्यपथ /

भिलाई के जयंती स्टेडियम मैदान में चल रही हनुमंत कथा में मंगलवार का दिन आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। बागेश्वर धाम के आचार्य पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा आहूत दिव्य दरबार में सैकड़ों फरियादी अपने कष्टों के निवारण हेतु पहुंचे, जहाँ कथा वाचक ने परंपरागत पर्ची विधि से उनकी समस्याओं को लिखित रूप में बताया और समाधान सुझाया।
सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा और दोपहर तक कथा स्थल खचाखच भर गया। लाखों भक्त मैदान में बैठकर दिव्य दरबार एवं कथा का रसपान करते रहे।

फरियादियों की भीड़, कष्ट निवारण का सिलसिला

दूर-दूर से आये श्रद्धालुओं ने अपनी अर्जी लगाई। प्रेतबाधा, मानसिक व्याधियाँ, अंधविश्वासजन्‍य पीड़ा सहित विविध समस्याओं से ग्रसित लोगों का पंडित शास्त्री ने साधना के माध्यम से निवारण बताया। धमधा क्षेत्र के एक किसान को बेटी के विवाह हेतु हनुमंत कथा संयोजक राकेश पाण्डेय सहित भक्तों द्वारा बड़ी आर्थिक सहयोग राशि भी प्रदान की गई।

धार्मिक महात्माओं की उपस्थिति

कथा के तीसरे दिन अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास तथा बद्रीनाथ धाम के महंत, यज्ञ सम्राट बालक दास भी कथा स्थल पहुँचे और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।

सीएम, विधानसभा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री हुए उपस्थित

हनुमंत कथा के दर्शन हेतु प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ पहुँचे। व्यासपीठ पर उन्होंने महाआरती में भाग लिया और पंडित धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद प्राप्त किया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पाण्डेय, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक अरुण वोरा, हनुमंत कथा संयोजक राकेश पाण्डेय, रजक बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिलाध्यक्ष द्वय पुरुषोत्तम देवांगनसुरेंद्र कौशिक सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

नेताओं के वक्तव्य

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा—
“छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम की ननिहाल है। ऐसे पवित्र प्रदेश में पंडित धीरेंद्र शास्त्री जैसे संत सनातन धर्म का ध्वज उठाकर समाज को एकजुट करने का जो संकल्प लिए हैं, उसमें प्रत्येक सनातनी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।”
उन्होंने आयोजन के लिए सेवा समर्पण समिति व संयोजक राकेश पाण्डेय को बधाई दी।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा—
“पंडित धीरेंद्र शास्त्री का प्रत्येक शब्द मानव जीवन को दिशा देने वाला है। वह केवल कथा वाचक ही नहीं, बल्कि सनातन धर्म के प्रखर प्रचारक हैं। उनके मार्गदर्शन में समाज का कल्याण सुनिश्चित है।”

सांध्यकालीन कथा में हनुमान चालीसा का दिव्य पाठ

दिव्य दरबार के पश्चात शाम 5 बजे से देर रात तक पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने हनुमान चालीसा की चौपाइयों का दिव्य पाठ कर प्रत्येक पंक्ति का महत्व समझाया। हजारों श्रद्धालु भक्ति के उल्लास में झूमते रहे और “जय हनुमान” के घोष से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ