जनता के पैसे के एक-एक रुपये का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग, करीब 16.85 लाख की वित्तीय अनियमितता के आकलन पर उठे सवाल
भिलाई / शौर्यपथ। नगर निगम भिलाई में पेवर ब्लॉक कार्यों को लेकर प्रस्तुत जांच रिपोर्ट का स्वागत करते हुए संतोष मौर्य ने कहा कि कलेक्टर द्वारा मामले की जांच कराना महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन रिपोर्ट में कई तकनीकी, वित्तीय और प्रक्रियागत बिंदुओं पर अभी भी स्पष्टता नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि जांच हुई है तो उसे पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाना चाहिए और जनता के पैसे के एक-एक रुपये का हिसाब सामने आना चाहिए।
मौर्य ने जांच समिति द्वारा सामने लाई गई करीब 16 लाख 85 हजार 457 रुपये की राशि के आकलन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह राशि माप पुस्तिका में दर्ज विभिन्न कार्यों और मौके पर किए गए वास्तविक कार्यों की तुलना में कम प्रतीत होती है। उनका कहना है कि केवल पेवर ब्लॉक ही नहीं, बल्कि खुदाई, फिलिंग, बेस कंक्रीट, ट्रांसपोर्टिंग सहित सभी मदों का समग्र वित्तीय परीक्षण जरूरी है।
उन्होंने जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रमुख सवाल उठाते हुए कहा कि स्थल निरीक्षण के दौरान स्थानीय पंचनामा क्यों नहीं बनाया गया? खुदाई, फिलिंग और बेस कंक्रीट की वास्तविक मात्रा व गुणवत्ता का भौतिक सत्यापन किस तरह हुआ? Building SOR में 80 MM पेवर ब्लॉक का आइटम नहीं होने के बावजूद उसका भुगतान किस स्वीकृत दर अथवा SOR के आधार पर किया गया? SOR में बदलाव हुआ तो उसकी सक्षम स्वीकृति कहां है?
मौर्य ने स्वीकृत स्थलों से अलग स्थानों पर कार्य कराने, स्थल परिवर्तन की वैधानिक प्रक्रिया, अस्पष्ट माप पुस्तिका के आधार पर कार्यस्थलों की पहचान तथा पूर्व में किए गए कार्यों के तुलनात्मक परीक्षण पर भी सवाल उठाए। विशेष रूप से BSP क्षेत्र में कार्य के लिए BSP की NOC और पत्राचार को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए उन्होंने इसकी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने यह भी पूछा कि स्वीकृत Non-SOR कार्य नहीं कराने की अनुमति किस अधिकारी ने दी और इससे निगम को आर्थिक नुकसान हुआ या किसी अन्य को लाभ मिला, इसकी जांच क्यों नहीं की गई।
संतोष मौर्य ने कहा कि जांच केवल एक-दो आइटम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। माप पुस्तिका में दर्ज सभी मदों का तकनीकी एवं वित्तीय मिलान, स्थलवार सत्यापन और भुगतान की जांच कर वास्तविक अनियमितता की राशि निर्धारित की जानी चाहिए। उन्होंने जांच समिति और नगर निगम प्रशासन से सभी 14 बिंदुओं पर स्पष्ट जवाब सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने मामले को जांच तक पहुंचाने में सहयोग के लिए सांसद विजय बघेल, जिला संगठन प्रभारी रामजी भारती, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पार्षद महेश वर्मा, जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन सहित भाजपा संगठन और पार्षद दल का आभार जताया।