‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो में स्थानीय कलाकारों ने दिखाई राष्ट्रसेवा और विकास की झलक, छत्तीसगढ़ के सुशासन पर भी केंद्रित रही प्रस्तुति
भिलाई। सिविक सेंटर स्थित कला मंदिर सभागार में सेवा संकल्प अभियान एवं ‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत आयोजित लाइट एंड साउंड शो में स्थानीय कलाकारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल और राष्ट्र के विकास के प्रति उनके समर्पण का प्रभावशाली मंचन किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन और जनहित में किए जा रहे कार्यों को भी नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया।
इस आयोजन में शामिल हुए कन्हैया सोनी ने स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा को बेहद सुंदर, प्रभावशाली और जीवंत ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन जनसेवा, राष्ट्रसेवा और विकास के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, भिलाई जिले के प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती, विधायक रिकेश सेन, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक और भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों तथा जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति के माध्यम से जनसेवा, राष्ट्र के प्रति समर्पण और विकास के संदेश को प्रभावी ढंग से सामने लाने का प्रयास किया गया।