गंजपारा से पोटियाकला तक पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा का लिया आशीर्वाद, समितियों से निर्धारित समय पर प्रतिमा विसर्जन की अपील
दुर्ग / शौर्यपथ / शारदीय नवरात्र की अष्टमी और नवमी पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने दुर्ग शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन-पूजन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं उन्नति की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए शहरवासियों को शक्ति और भक्ति के महापर्व नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री यादव ने गंजपारा, पद्मनाभपुर कालीबाड़ी, सत्तीचौरा, गांधी चौक, ढीमरपारा, ग्रीन चौक, संगम चौक उरला, वृंदानगर, विराट नगर बोरसी, स्टेशन रोड, पोटियाकला, डिपरापारा, सिकोला बस्ती और जवाहरनगर सहित दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विराजित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन किए। उन्होंने झांकियां देखने निकले नागरिकों से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया। नवरात्र की विभिन्न संध्याओं में भी वे शहर के पंडालों, जस-झांकी, जगराता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुए।
मंत्री ने कहा कि नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना करने वाले श्रद्धालुओं पर माता का आशीर्वाद बना रहे। दुर्गवासियों की अटूट आस्था, लोकसंस्कृति से जुड़ाव और सामूहिक सहभागिता शहर को भक्तिमय उत्सव के रंगों से सराबोर करती है। उन्होंने मां जगदंबा से सभी के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
निर्धारित समय पर प्रतिमा विसर्जन की अपील
कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने दुर्गा उत्सव समितियों से अपील की कि वे मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित समय-सीमा में करें। उन्होंने पुलिस विभाग से विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निगम प्रशासन से पार्किंग, प्रकाश और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।