घाटों की सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर, अधिकारियों को समयसीमा में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
भिलाई-चरौदा / शौर्यपथ। दीपावली के बाद अब लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भिलाई-चरौदा नगर निगम प्रशासन ने तालाबों की साफ-सफाई और घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में निगम आयुक्त एसके सुंदरानी ने विभिन्न प्रमुख तालाबों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त सुंदरानी ने गतवा तालाब, बोधवा तालाब, उमदा छठ तालाब सहित दादर और डबरापारा स्थित तालाबों का अवलोकन किया। उन्होंने तालाबों के आसपास की स्वच्छता, पूजा स्थलों की स्थिति और छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
समयसीमा में पूरी हो सफाई, लापरवाही पर सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग एवं सफाई अमले को निर्देशित किया कि छठ पूजा से पहले सभी प्रमुख तालाबों और घाटों की समुचित सफाई सुनिश्चित की जाए। पूजा स्थलों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु तालाबों एवं घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में निगम प्रशासन का जोर केवल तालाबों की सफाई तक सीमित न रहकर पूरे पूजा परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने पर है।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता प्रभारी बीनू वर्मा, पीआर विनय वर्मा, ताम्रध्वज साहू सहित निगम के सफाई विभाग का अमला उपस्थित रहा।