‘एक्सीलेंस इन इंस्ट्रक्शनल लीडरशिप’ पुरस्कार से हुईं सम्मानित, प्रशिक्षण, कौशल संवर्धन और नेतृत्व विकास में योगदान को मिली वैश्विक पहचान
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र की सहायक महाप्रबंधक सुश्री कोमल मेहरा ने अपनी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता से एक बार फिर सेल एवं बीएसपी का गौरव बढ़ाया है। प्रशिक्षण, कौशल संवर्धन और संस्थागत नेतृत्व विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें ग्लोबल वुमेन एक्सीलेंस अवार्ड्स-2026 के अंतर्गत प्रतिष्ठित ‘एक्सीलेंस इन इंस्ट्रक्शनल लीडरशिप’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में ग्लोबल ट्रायम्फ फाउंडेशन द्वारा आयोजित ग्लोबल लीडरशिप समिट एंड अवार्ड्स-2026 में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
‘लीडरशिप बियॉन्ड बाउंड्रीज’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में नेतृत्व, नवाचार, समावेशन और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव, भविष्य की नेतृत्व संबंधी चुनौतियों और बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रणाली विकसित करने पर भी विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
सेल में प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास को दी नई दिशा
सुश्री कोमल मेहरा सेल में अधिकारियों के प्रशिक्षण, कौशल संवर्धन और क्षमता विकास से जुड़ी पहलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं। उनके कार्यों और योगदान को पहले भी संस्थागत स्तर पर सराहना मिल चुकी है। सेल के निदेशक (कार्मिक) द्वारा उन्हें एसएचआरएम (सोसाइटी फॉर ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट) बेस्ट लर्नर अवार्ड तथा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस-2026 के अवसर पर बेस्ट लर्निंग एम्बेसडर सम्मान प्रदान किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त, सेल के ई-3 एवं ई-5 स्तर के अधिकारियों की पदोन्नति परीक्षा की तैयारी के लिए व्यावसायिक संचार और परिवर्तन प्रबंधन विषयों पर ऑनलाइन प्रशिक्षण मॉड्यूल विकसित करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस कार्य के लिए कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान) द्वारा उन्हें प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया। उन्होंने सेल के ई-1 से ई-6 स्तर तक के अधिकारियों के लिए इन विषयों पर प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए हैं।
प्रबंधन और पारदर्शी कार्यप्रणाली में भी अहम जिम्मेदारी
वर्ष 2008 में सेल के साथ अपने व्यावसायिक सफर की शुरुआत करने वाली सुश्री मेहरा वर्तमान में भिलाई इस्पात संयंत्र के परियोजना-वाणिज्यिक विभाग में सहायक महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। वे परियोजना प्रबंधन, निविदा एवं अनुबंध प्रबंधन तथा क्रय संबंधी गतिविधियों की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इसके साथ ही एंटी-ब्राइबरी मैनेजमेंट सिस्टम (एबीएमएस) यानी रिश्वतखोरी निरोधक प्रबंधन प्रणाली के लिए आंतरिक संसाधन विशेषज्ञ के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रही हैं।
ग्लोबल वुमेन एक्सीलेंस अवार्ड्स के माध्यम से नेतृत्व, शिक्षा, उद्यमिता, कॉर्पोरेट उत्कृष्टता, स्वास्थ्य, सामाजिक प्रभाव, मीडिया और प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाता है।
सुश्री कोमल मेहरा को मिला यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भिलाई इस्पात संयंत्र और सेल में प्रशिक्षण, ज्ञान संवर्धन तथा महिला नेतृत्व की बढ़ती भूमिका को भी राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंच पर पहचान दिलाता है। उनकी यह उपलब्धि संस्थान के लिए गौरव का विषय है।