दुर्ग / शौर्यपथ / आज का दिन जिला उपभोक्ता फोरम दुर्ग के साथ साथ राजेन्द्र पाध्ये के लिए भी एक यादगार दिन बन गया अपने ५ साल के सफलतम कार्यकाल के बाद आज राजेन्द्र पाध्ये ने अपना 5 साल का कार्यकाल पूर्ण किया . 5 वर्ष का कार्यकाल समाप्त होने पर जिला उपभोक्ता आयोग के सदस्य राजेन्द्र पाध्ये द्वारा पद में रहते हुए किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए आयोग के अध्यक्ष लवकेश प्रताप सिंह बघेल, सदस्य श्रीमती लता चंद्राकर और समस्त स्टाफ द्वारा उनका अभिनंदन किया गया और उनके उत्कृष्ठ कार्यों की सराहना की गई।
आयोग के अध्यक्ष लवकेश प्रताप सिंह बघेल ने कहा कि किसी भी न्यायिक संस्था में नैतिकता, न्यायप्रियता, कर्मठता और समर्पण के साथ कार्य करने की आवश्यकता होती है और सदस्य के रूप में राजेन्द्र पाध्ये ने सारे मापदंडो को पूरा कर जिला उपभोक्ता आयोग के कार्यों को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना अहम योगदान दिया है।
आयोग की सदस्य लता चंद्राकर ने कहा कि दुर्ग जिला उपभोक्ता आयोग लगातार पांच वर्षों से पूरे प्रदेश में टॉप पर है, जिसमें सदस्य राजेन्द्र पाध्ये की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पूर्व अध्यक्ष श्रीमती मैत्रेयी माथुर के कार्यकाल समाप्ति के समय उपभोक्ता न्याय के मामले में दुर्ग जिला उपभोक्ता फोरम पूरे प्रदेश में सबसे ऊपर पर था जिसके बाद 11 महीने तक अध्यक्ष का पद रिक्त रहा किंतु इस दौरान अध्यक्ष पद रिक्त होने के बाद भी दुर्ग जिले में जिला उपभोक्ता फोरम का काम राजेन्द्र पाध्ये की सक्रियता के कारण द्रुत गति से ही चलता रहा, वरिष्ठ सदस्य होने के नाते जिला उपभोक्ता फोरम की न्याय पीठ की अध्यक्षता करते हुए राजेन्द्र पाध्ये की अगुवाई में 11 महीने में 1 हजार से अधिक प्रकरणों में निराकरण किया गया यह एक रिकॉर्ड है और वर्तमान में भी उनके द्वारा लगातार न्यायिक निराकरण में बढ़-चढ़कर योगदान देते हुए उपभोक्ताओं को न्याय दिलाने की दिशा में काम किया जाता रहा है।
कर्मचारियों की ओर से शमशाद अहमद खान ने कहा कि सदस्य के पूरे 5 वर्ष के कार्यकाल में राजेन्द्र पाध्ये ने 65 सौ से अधिक प्रकरणों में सुनवाई की और लगभग 1980 प्रकरणों में आदेश पारित किया गया, आज तक किसी भी सदस्य द्वारा ऐसा रिकॉर्ड नहीं बनाया गया है।
सम्मान समारोह के अवसर पर राजेन्द्र पाध्ये ने कहा कि जिला उपभोक्ता आयोग में सदस्य के रूप में नियुक्त होना मेरे लिए सौभाग्य का विषय रहा इस संस्था में कार्य करते हुए उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला और नई प्रेरणा भी प्राप्त हुई। त्वरित न्याय वर्तमान समय की बड़ी आवश्यकता है जिसे दिलाने का उन्होंने अपनी ओर से पूरा प्रयास किया, जिसमें उपभोक्ता आयोग के अधिकारी कर्मचारियों और अधिवक्ताओं का उन्हें पूरा सहयोग मिला, जिसके लिए वे सबको हृदय से धन्यवाद देते है।
सम्मान एवं विदाई समारोह में जिला उपभोक्ता आयोग के कर्मचारी गण शमशाद अहमद खान, जोस, मीना कुमारी श्रीमती सुखदेवे, दशरथ बंजारे सहित अधिवक्ता गण उपस्थित रहे।