भिलाई / शौर्यपथ / सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के वाॅयर राड मिल द्वारा मिल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। श्रमदान को सहजता से लेकर अधिकारी एवं कर्मचारीगण मिलकर परिसर की सफाई की। अभियान को देखकर अन्य कार्मिक साथी जिम्मेदारी का एहसास करते हुए स्वस्फूर्त सफाई में जुट गये। यह अभियान भारत सरकार के स्वच्छ भारत अभियान को मजबूती प्रदान करेगा।
स्वच्छता अभियान के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक अजय बेदी द्वारा स्वच्छता शपथ दिलाई गई। साथ ही इस अभियान को सम्बोधित करते हुए अजय बेदी जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वच्छता न केवल अपने घर में ही नहीं, वरन् कार्य स्थल में भी अत्यन्त महत्वपूर्ण है। स्वच्छ परिवेश से मन शान्त रहता है और हमारी कार्यशीलता बढ़़ती है।
महाप्रबंधक व कारखाना प्रबंधक जेवियर बेक ने कहा कि स्वच्छता अभियान एक दिन का न होकर अनवरत चलने वाला अभियान है, यही हमारा संकल्प है। वहीं कार्मिक अधिकारी डॉ जे एस बघेल द्वारा पर्यावरण एवं स्वच्छता का नारा लगवाकर कार्यक्रम को जीवन्त बनाया।
स्वच्छता अभियान के बाद वृक्षारोपण किया गया, सभी ने समूहों में बटकर लगाये पौधों को गोद ले कर बड़े होने तक रक्षा करने का संकल्प लिया। विभाग के पर्यावरण प्रेमी श्री सी पी वर्मा ने ऐसे पौधों की व्यवस्था की जो विषम परिस्थितियों में भी हरे-भरे होते हैं। महाप्रबंधक (विद्युत) श्रीमती अनुपमा कुमारी ने सभी से आह्वान किया कि वृक्षारोपण व स्वच्छता को कार्य नहीं, अपितु प्रवृति के रूप में आत्मसात् करना चाहिये। इस कार्यक्रम में विभागीय सुरक्षा अधिकारी वाराणसी श्रीकृष्णा, राजन मैथ्यू, रूद्र कुमार का विशेष योगदान रहा। अभियान में विशेष रूप से श्रम कल्याण अधिकारी आर के पाण्डेय द्वारा अनुरोध किया गया, कि उपयोग में लाया गया मास्क, पालिथिन पाउच डस्ट बिन में ही डालें एवं सफाई व सामाजिक दूरी बनाये रखें। कार्यक्रम में विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की सहभागिता एवं योगदान सराहनीय रहा।