नई दिल्ली/शौर्यपथ /स्पाइसजेट विमान से जुड़ी लगातार कई घटनाएं सामने आने के बाद उड्डयन नियमक ने एयरलाइन से स्पष्टीकरण मांगा है. खास बता ये हैं कि DGCA ने पिछले 18 दिनों में तकनीकी खराबी की आठ घटनाओं के बाद स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी किया. सरकार की तरफ से मिले नोटिस के बाद इस पूरे मामले पर स्पाइस जेट के प्रमुक अजय सिंह की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने बुधवार को एनडीटीवी से कहा कि यकीनन इस तरह की घटनाएं चिंता बढ़ाने वाली हैं. खराब रखरखाव के कारण सुरक्षा में गिरावट आई है. अभी एक महीने पहले नियामक ने सुरक्षा के लिए उनकी एयरलाइन के प्रत्येक विमान की समीक्षा की थी. हमें रेगुलेट करना डीजीसीए काम है. यह हमें दिखाना है कि हम शत-प्रतिशत सुरक्षित हैं. मैं उनकी चिंता का स्वागत करता हूं.
बता दें कि बुधवार को एयरलाइन ‘स्पाइसजेट' ने बताया कि मौसम संबंधी रडार के काम ना करने की वजह से उसका एक मालवाहक विमान मंगलवार को कोलकाता लौट आया. चीन के चोंग्किंग शहर जा रहे विमान के पायलट को उड़ान भरने के बाद ही पता चल गया था कि उसका मौसम संबंधी रडार काम नहीं कर रहा है. ‘स्पाइसजेट' के विमान में तकनीकी खराबी का पिछले 18 दिन में सामने आया यह आठवां मामला है.
इससे पहले मंगलवार को‘स्पाइसजेट' के दिल्ली से दुबई जा रहे एक विमान को ईंधन संकेतक में खराबी के कारण कराची की ओर मोड़ दिया गया था. वहीं, उसके कांडला से मुंबई जा रहे विमान को बीच हवा में ‘विंडशील्ड' में दरार आने के बाद मुंबई में प्राथमिकता के आधार पर उतारा गया था.
‘स्पाइसजेट' के प्रवक्ता ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा' से कहा कि पांच जुलाई 2022 को ‘स्पाइसजेट बोइंग 737' मालवाहक विमान को कोलकाता से चोंग्किंग जाना था. विमान के उड़ान भरने के बाद मौसम संबंधी रडार, मौसम की जानकारी नहीं दे रहा था. इसके बाद, पीआईसी (पायलट-इन-कमांड) ने कोलकाता लौटने का फैसला किया. विमान कोलकाता में सुरक्षित उतर गया है.''