नई दिल्ली /शौर्यपथ /दिल्ली विधानसभा ने आज दोपहर 2 बजे दिल्ली के प्रिंसिपल सेक्रेट्री फाइनेंस को विधानसभा सदन में पेश होने का आदेश दिया है. आशीष चंद्र वर्मा दिल्ली के प्रमुख वित्त सचिव हैं. दिल्ली विधानसभा स्पीकर ने इस बात पर आपत्ति जाहिर की है कि दिल्ली विधानसभा को डिजिटलाइज्ड करने से जुड़े प्रस्ताव को वित्त विभाग ने मंजूरी नहीं दी. स्पीकर ने यह भी कहा कि क्रिसमस और दीपावली से जुड़े कार्यक्रम भी इस बार विधानसभा में नहीं आयोजित हो सके क्योंकि वित्त विभाग ने इसे मंज़ूरी नहीं दी है.
इसके बाद चीफ व्हिप दिलीप पांडेय ने हाउस के सामने प्रस्ताव रखा कि प्रिंसिपल सेक्रेटरी फाइनेंस को दोपहर 2 बजे सदन में बुलाया जाए और उनसे इस पर सवाल पूछा जाए. प्रस्ताव ध्वनि मत से पास हुआ और स्पीकर ने असेंबली सेक्रेटरी को आदेश दिया कि फ़ाइनेंस सेक्रेटरी को दोपहर दो बजे हाउस में बुलाया जाए.
इस मुद्दे पर सदन में स्पीकर और LoP के बीच तीखी बहस हुई. नेता विपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी अपने कुछ मुद्दे उठाना चाहते थे, लेकिन स्पीकर ने कहा कि यह मुद्दा महत्वपूर्ण है कि विधानसभा का फंड नहीं दिया जा रहा, आप क्यों अधिकारियों को बचा रहे हैं?