नई दिल्ली / शौर्यपथ / दिल्ली में हत्या करने के इरादे से आए लड़कों को पेट्रोलिंग करती पुलिस ने बहादुरी दिखाते हुए दबोच लिया. एक युवक पर चाकूबाजी की जा रही थी. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई. घटना रात 9:30 बजे आनंद पर्वत स्थित नई बस्ती की है. पुलिस के मुताबिक, आनंद पर्वत थाने में तैनात हेड कांस्टेबल दामोदर और कांस्टेबल विजय डूडी पेट्रोलिंग कर रहे थे. तभी उन्होंने देखा कि दो समूहों में झगड़ा हो रहा है और कुछ लड़के एक लड़के पर चाकू से हमला कर रहे हैं.
हेड कांस्टेबल ने अपनी लाठी से हमलावरों को काबू किया और दोनों पुलिसकर्मियों ने मिलकर दो हमलावरों को पकड़ लिया. जांच में पता चला कि घायल गौरव अपने 2 दोस्तों थान सिंह और प्रेम सागर के साथ श्रीधाम ढाबा गया था. यह ढाबा हमला करने वाले आकाश और उसके भाई नीलेश का है.
खाने में देरी को लेकर गौरव और ढाबा मालिक के बीच झगड़ा हो गया और फिर ढाबे के पूरे स्टाफ और ढाबा मालिक ने मिलकर गौरव पर चाकू और रॉड से हमला कर दिया. इसी बीच पुलिसकर्मियों ने बहादुरी दिखाते हुए नीलेश और उसके भाई आकाश को गिरफ्तार कर लिया और गौरव की जान बच गई. गौरव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही की गई.